फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विकास भवन में आज शपथ लेंगी शहला!

Wed, 17 Jan 2018 02:02 AM IST
बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
हाईकोर्ट के आदेश पर पर प्रशासन ने नवाबगंज की नगर पालिका अध्यक्ष शहला ताहिर के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके मुताबिक शहला और 19 सभासदों को बुधवार सुबह 11 बजे विकास भवन में शपथ दिलाई जाएगी। हालांकि शहला कई दिनों से नवाबगंज में नहीं हैं। वह कहां हैं, यह भी पता नहीं लग पा रहा है, लिहाजा प्रशासन की ओर से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का नोटिस उनके घर के दरवाजे पर चस्पा करा दिया गया है। एसडीएम नवाबगंज ने इसकी वीडियोग्राफी भी करा ली है।
विज्ञापन

नगर पालिका नवाबगंज के ईओ राजेश सक्सेना को शपथ ग्रहण कराने के लिए नामित किया गया है। शपथग्रहण की सूचना के साथ ही यह पत्र भी शहला ताहिर के दरवाजे पर चस्पा किया गया है। एडीएम प्रशासन के निर्देश पर एसडीएम नवाबगंज की ओर से जारी इस पत्र में शहला और सभासदों को अकेले आने को कहा गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। सूचना में स्पष्ट कहा गया है कि शांति व्यवस्था में किसी भी व्यवधान के लिए वे लोग खुद जिम्मेदार होंगे।
बता दें कि पीलीभीत और नवाबगंज के दो मामलों में शहला ताहिर के दो वारंट जारी हुए हैं। माना जा रहा है कि शहला गिरफ्तारी से बचने के लिए नवाबगंज में नहीं हैं। लिहाजा बुधवार को होने वाले शपथग्रहण पर अब भी असमंजस के हालात बने हुए हैं। उच्च न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने शहला के दरवाजे पर सूचना चस्पा कराकर अपने बचाव का रास्ता तलाश कर लिया है। 
विज्ञापन


सभासदों में उत्साह
शपथ ग्रहण की सूचना जारी होते ही सभासदों में भी उत्साह नजर आ रहा है। सभी के विकास भवन पहुंचने की पूरी संभावना है। यह भी कहा जा रहा है कि शहला के न पहुंचने पर सभासद फिर शपथ ग्रहण का बहिष्कार कर सकते हैं।

वर्जन
उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में शपथग्रहण होगा। इस दौरान अगर उनके गैर जमानती वारंट होंगे तो उन पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी या फिर वह वारंट के जवाब में उच्च न्यायालय का कोई आदेश उपलब्ध कराएं। 
- जोगेंद्र कुमार, एसएसपी

नवाबगंज चेयरमैन शहला ताहिर को उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप विकास भवन में सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण कराई जाएगी। प्रशासन उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करेगा।   सत्येंद्र कुमार, प्रभारी जिलाधिकारी  
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें