कंप्यूटर पार्ट्स बनाने वाली अग्रणी कंपनी एचपी की गुड़गांव से आई विजिलेंस टीम ने बटलर प्लाजा की एक दुकान पर छापा मारकर प्रिंटर की नकली सात कार्टिज बरामद की। शॉप के मालिक रोहित कुमार को नकली कार्टिज के साथ कोतवाली लाया गया, जहां विजिलेंस टीम ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अब कोतवाली पुलिस मामले की जांच करेगी।
एचपी की सेल्स टीम को बरेली में नकली कार्टिज बेचे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद कंपनी की ओर से लगातार कार्टिज बेचने वाली दुकानों की निगरानी की जा रही थी। मंगलवार को एचपी कंपनी गुड़गांव की विजिलेंस टीम मनप्रीत सिंह की अगुवाई में बरेली पहुंची। यहां एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के बाद सेल्स टीम के सदस्यों को ग्राहक बनाकर बटलर प्लाजा से कार्टिज खरीदी गईं। जांच में इन कार्टिज के नकली निकलने के बाद दोपहर में रोहित कुमार की दुकान पर छापा मारा गया जहां से सात नकली कार्टिज बरामद हुईं।
कोतवाली में पूछताछ के दौरान रोहित कुमार ने बताया कि उसने सभी कार्टिज ऑनलाइन वेबसाइट से खरीदी थीं। उसने इसके बिल भी पुलिस को दिखाए। अब पुलिस इन सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है। विजिलेंस टीम के प्रभारी मनप्रीत सिंह के मुताबिक उन्होंने इससे पहले लखनऊ, रायबरेली सहित कई शहरों में छापामारी कर नकली कार्टिज का गोरखधंधा पकड़ा है।
5500 की कार्टिज, बेचते है 800 से 1200 रुपये में
मनप्रीत के मुताबिक 5500 रुपये के अंकित मूल्य वाली कार्टिज को ऐसे दुकानदार 800 से 1200 रुपये तक बेचते हैं। जिससे शहर में कंपनी के डीलर और डिस्ट्रिब्यूटर को तगड़ी चपत लगती है। साथ ही कस्टमर को भी खराब गुणवत्ता की कार्टिज मिलती है।
----
कंपनी की विजिलेंस टीम की कार्रवाई के बाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हुई है। दुकान से मिलीं नकली कार्टिज को हमने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच कोतवाली पुलिस करेगी। - कुलदीप कुमार, सीओ सिटी