बरेली। रक्षाबंधन पर मिलावटी खाद्य/पेय सामग्री बिक्री की रोकथाम के लिए एफएसडीए की टीम ने नौ प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर खाद्य सामग्री के नमूने भरे। इस दौरान प्रतिष्ठानों पर खलबली मची रही। टीम एक-एक कर नौ प्रतिष्ठानों पर पहुंची। नमूने भरने के बाद उन्हें मंगलवार को जांच के लिए लैब भेजने की बात कही है।
जिला अभिहित अधिकारी धर्मराज मिश्र ने बताया कि एफएसडीए आयुक्त ने रक्षाबंधन पर खाद्य एवं पेय पदार्थ में मिलावट की आशंका जताते हुए रोकथाम के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत मुख्य खाद्य अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में सोमवार को खाद्य पदार्थों के नमूने भरे गए। इसमें चौपुला चौराहा स्थित तलवानी स्वीट्स से लौज का एक, दिलीप स्वीट्स हाउस से घेवर का एक, सुभाषनगर न्यू बृजवासी स्वीट्स से मिल्क केक का एक, मढीनाथ सुगंध स्वीट्स से छेना का एक, सिटी सब्जी मंडी से यस गोल्डी स्वीट्स से खोया एवं बर्फी का एक-एक, बल्लिया आंवला जायसवाल स्वीट्स से बर्फी का एक, देवचरा गुप्ता स्वीट्स एंड कंफेक्शनरी से लौज का एक, आईवीआरआई रोड सेंवई का एक, कुआटांडा से मिल्क केक का एक, नकटिया जेपी स्वीट्स से बूंदी के लड्डू का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। सभी नमूने जांच के लिए लैब में मंगलवार को भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।