रोड शो के लिए दिनभर चलती रहीं तैयारियां।
सात सौ पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे तैनात, एयरबेस के आसपास छतों पर तैनात रहेगी पुलिस
बरेली। हल्द्वानी (उत्तराखंड) में 23 परियोजनाओं के शिलान्यास और जनसभा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को त्रिशूल एयरबेस पर चेंजओवर करेंगे। इसके लिए वायुसेना के त्रिशूल एयरबेस से लेकर बहेड़ी में उत्तराखंड की सीमा तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसके लिए सात सौ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। छतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
प्रधानमंत्री का त्रिशूल पर विमान से उतरने के बाद हेलिकॉप्टर से हल्द्वानी जाने का कार्यक्रम है, लेकिन मौसम खराब हुआ तो वह सड़क मार्ग से भी जा सकते हैं। सुरक्षा तैयारियों के लिए बुधवार को पुलिस लाइन में हुई बैठक में एसपी सिटी रवींद्र कुमार ने पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने की हिदायत दी। एसपी सिटी ने बताया कि मौसम खराब होने पर प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से भी उत्तराखंड जा सकते हैं लिहाजा सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी प्वाइंट पर निर्धारित समय पर पहुंच जाएं। सभी इंस्पेक्टर अपने इलाके में लगातार भ्रमण कर तस्दीक करें कि सभी ड्यूटी पर मौजूद हैं या नहीं। एयरफोर्स गेट और इज्जतनगर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया। रूट पर ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रहेगी।
नहीं उड़ेंगे कबूतर, काले कपड़े पर प्रतिबंध
एसपी सिटी ने बताया कि ड्यूटी के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी काली जैकेट या काला कपड़ा पहनकर नहीं आएगा। मकान की छतों पर भी निगरानी के लिए फोर्स तैनात की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि एयरफोर्स क्षेत्र में प्रधानमंत्री के चेंजओवर के दौरान कबूतर और पतंग न उड़ाई जाएं। गुब्बारे उड़ाने पर भी पाबंदी रहेगी।
आ सकते हैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री के चेंजओवर के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनके स्वागत के लिए त्रिशूल एयरबेस आ सकते हैं। हालांकि रात तक उनका कार्यक्रम नहीं आया था लेकिन इस संभावना के मद्देनजर भी तैयारी की गई है।