सुभाषनगर में चल रही श्री रामलीला सभा की 75वीं रामलीला का समापन भगवान राम की राजगद्दी शोभायात्रा के साथ हो गया। श्रीराम के राजतिलक के बाद शहर में शोभायात्रा निकली जो मुख्य मार्ग से बैंड-बाजे के साथ निकली। श्रीराम जी के स्वरूप के दर्शन के लिए खूब भक्त उमड़े।
रथ पर सवार श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की सुंदर झांकियों ने खूब मन मोहा। अन्य रथाें पर भरत-शत्रुघ्न, मुनि वशिष्ठ, राधा-कृष्ण, बलरामजी, शंकर-पार्वती, गणेशजी, काली मां, विष्णुजी, लक्ष्मीजी, सरस्वतीजी, ब्रह्माजी, लवकुशजी, ऋषि वाल्मीकि विराजमान रहे। घोड़ों पर सुग्रीव, अंगद, विभीषण चल रहे थे। जगह-जगह आतिशबाजी भी हुई। शोभायात्रा सुभाषनगर मुख्य बाजार से चलकर, तिलक कॉलोनी, चौरासी घंटा, बदायूं रोड, नेकपुर, किशोर बाजार, इस्लामियां मार्केट, कोतवाली, कुतुबखाना, शिवाजी मार्ग, मठ की चौकी, श्यामगंज, कालीबाड़ी, बरेली कॉलेज, नावल्टी, अयूब खां चौराहा, चौकी चौराहा, कचहरी, जंक्शन, तपेश्वरनाथ मंदिर से होते हुए सुभाषनगर रामलीला मैदान पहुंची। शोभायात्रा का नेतृत्व रामलीला सभा के मंत्री आलोक तायल ने किया। इसमें अध्यक्ष अशोक कुमार, जगदीश चंद्र, उदयवीर सिंह, प्रदीप कुमार, मेला प्रभारी प्रदीप अग्रवाल, ओमप्रकाश, राजेंद्र सिंह, मिलन सक्सेना, अखिलेश सिंह, दिलीप श्रीवास्तव, अमित भारद्वाज आदि का सहयोग रहा।
कुंवरपुर में लगा मेला
श्री नागेश्वर नाथ मंदिर कुंवरपुर में भी दशहरा मेला आयोजित किया गया। इस मौके पर मेघनाद और रावण का पुतला फूंका गया। बच्चाें के लिए विशेष आयोजन हुआ। इसमें भाजपा के महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया व अन्य कई लोग शामिल रहे। अध्यक्ष प्रवीन सक्सेना, आदेश सैनी व अन्य का सहयोग रहा।