बरेली। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे और अंतिम दिन कलक्ट्रेट में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 396 दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। अब 60 वार्डों में कुल 958 दावेदार हो गए हैं। सोमवार और मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। सात अप्रैल को अपराह्न तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
रविवार को कलक्ट्रेट में सुबह से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों को बगैर मास्क के पुलिस ने नामांकन कक्ष में प्रवेश नहीं करने दिया। राजनीतिक दलों के अलावा निर्दलीय दावेदार भी नामांकन कराने पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे से अचानक भीड़ बढ़नी शुरू हो गई तो पुलिस भी अलर्ट हो गई। 1.30 बजे भाजपा के सभी सीटों पर घोषित उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले कांग्रेस, सपा, बसपा, अपना दल, आम आदमी की पार्टी सहित अन्य दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। निर्धारित समय शाम पांच बजे तक 396 दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। डीएम नितीश कुमार, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग, एसपी रवींद्र कुमार, एडीएम प्रशासन वीके सिंह आदि अधिकारियों ने नामांकन कक्षों में व्यवस्था का जायजा लिया। नामांकन पत्रों की जांच सोमवार और मंगलवार को होगी। सात अप्रैल को नाम वापसी के बाद तय होगा कि चुनाव मैदान में कितने प्रत्याशी रह गए हैं।
महिला प्रत्याशियों की फाइलें लेकर घूमते रहे उनके पति
नामांकन कराने पहुंचीं महिला प्रत्याशियों के नामांकन की फाइल लेकर उनके पति घूमते नजर आए। नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान महिलाएं तो कक्ष में चली र्गइं लेकिन पति बाहर ही इंतजार करते रहे।
भगवा वस्त्रों में महंत ने कराया नामांकन
बरेली। आंवला तहसील क्षेत्र के बेहटा बुजुर्ग निवासी नाथ संप्रदाय के महंत विजय देव ने कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने बताया कि योगी आदित्य नाथ से प्रेरणा लेकर वह जिला पंचायत सदस्य पद का वार्ड 37 से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उनकी जीत योगी को समर्पित होगी। उन्होंने कहा कि वह मूलरूप से हरियाणा के रोहतक के रहने वाले हैं। वर्ष 2013 से बेहटा बुजुर्ग गांव में रह रहे हैं। दो साल पहले एक दुष्कर्म पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उन्हें संघर्ष करना पड़ा था, तभी उन्होंने राजनीति में आकर समाज सेवा करने का निर्णय लिया था।
वाकर के सहारे नामांकन कराने पहुंचा युवक
सड़क हादसे में घायल ग्राम ढरावनगर निवासी आशुतोष पाठक ने भी रविवार को नामांकन कराया। पैर में अधिक चोट होने के कारण वह वाकर के सहारे कलक्ट्रेट पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिला किया। वह कांग्रेस से वार्ड 35 के प्रत्याशी हैं।
भीड़ देख अफसरों ने जताई नाराजगी, मचा हड़कंप
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलक्ट्रेट में कोविड नियमों का दूसरे दिन भी उल्लंघन हुआ। प्रत्याशी और प्रस्तावक मास्क तो लगाए थे लेकिन सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे एडीएम प्रशासन वीके सिंह ने कक्ष में जाकर भीड़ देखी तो नाराजगी जताई। उन्होंने एआरओ को निर्देश दिए कि सभी से नियमों का सख्ती से पालन कराएं। दोपहर करीब एक बजे सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग और कुछ देर बाद डीएम नितीश कुमार ने एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के साथ चारों कक्षों का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। अफसरों के लगातार निरीक्षण से हड़कंप मचा रहा।
गेट के बाहर लगते रहे नारे
नारेबाजी के बीच नामांकन पत्र दाखिल करने कलक्ट्रेट पहुंचे दावेदारों के समर्थकों को गेट पर ही पुलिस ने रोक दिया था। कुछ लोगों ने अंदर जाने की कोशिश की तो उन्हें पुलिस के तेवर भी देखने पड़े। अंदर न पहुंच पाए प्रत्याशी समर्थकों ने गेट के बाहर जमकर जिंदाबाद के नारे लगाए।