शेरगढ़। किसान रामदास हत्याकांड में हत्या की वजह अब भी पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। संपत्ति विवाद को अहम मानकर पुलिस की तीन टीम पड़ताल कर रही हैं। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
गांव डूंगरपुर देहात निवासी किसान 58 वर्षीय रामदास गंगवार की हत्या मामले में जांच के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने तीन टीम गठित की हैं। हाल ही में दो बीघा जमीन बेचने और ससुराल में मिली संपत्ति की वजह से तनातनी को लेकर पुलिस जांच कर रही है। रुपये लेनदेन और रंजिश के बिंदु पर भी एक टीम जांच कर रही है। परिवार और करीबियों को लेकर रामदास के व्यवहार व गतिविधियों को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल ऐसा कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया है जो इतनी निर्ममता से रामदास की हत्या की गई। इसी तथ्य को जानने के लिए पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। रामदास का शव शनिवार को खेत में मिला था। उस पर करीब 26 जख्म थे। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि रामदास के मोबाइल की कॉल डिटेल, लोकेशन व डाटा आदि के जरिये जांच की जा रही है। इसके अलावा भूमि विवाद, रंजिश और लेनदेन से जुड़े पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। बताया कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। संवाद