प्रगति खराब होने पर एडीएम ने कर्मियों का सीधे नाम लेकर चेताया, कार्यशैली में सुधार लेने की दी हिदायत
बरेली। अर्बन हॉट में शनिवार को फाॅर्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्राॅप सर्वे कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में राजस्व निरीक्षक मो. रिजवान और उमाशंकर के साथ ही प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी यज्ञदेव शर्मा गैरहाजिर रहे। इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में कृषि और राजस्व विभाग के 600 कर्मी मौजूद रहे। 200 जन सुविधा केंद्रों के प्रभारी आए थे। फाॅर्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्राॅप सर्वे कार्य की समीक्षा के दौरान कृषि विभाग के कर्मियों में सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) प्रेम बाबू व प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी प्रदीप कुमार यादव की लापरवाही सामने आई है।
राजस्व विभाग के कर्मियों में कानूनगो राम कुमार, वीरपाल, मो. रिजवान, कमल गंगवार व सुशील कुमार का भी कार्य संतोषजनक नहीं मिला। एडीएम प्रशासन ने इन सभी कर्मियों को कार्यशैली सुधार लेने का मौका देते हुए चेतावनी दी है। कहा कि समय रहते काम पूरा न होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एडीएम ने जन सुविधा केंद्रों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रीन डाटा का कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उप निदेशक कृषि हिमांशु पांडेय ने बताया कि बैठक में गैर हाजिर रहने वालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। जवाब संतोषजनक न होने पर कार्रवाई प्रस्तावित करने के लिए एडीएम ने निर्देश दिए हैं। कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि आगामी सप्ताह में तहसीलवार बैठक कर समीक्षा होगी। संवाद