बरेली में साइबर ठगों ने एक डॉक्टर समेत तीन लोगों को ट्रेडिंग में निवेश और रेटिंग पर लाभ का झांसा देकर 94 लाख रुपये ठग लिए। तीनों पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रेमनगर इलाके में सूद धर्मकांटा के पास रहने वाले डॉ. अमित अग्रवाल ने साइबर थाने के इंस्पेक्टर नीरज सिंह को बताया कि उनसे शेयर खरीद-फरोख्त के नाम पर साइबर ठगों ने संपर्क साधा। वह ठगों की बातें में आ गए और शुरू में यह समझ ही नहीं पाए कि वह ठगी का शिकार हो रहे हैं। छह जून से लेकर 29 अगस्त के बीच उनसे 45,53,036 रुपये ट्रांसफर करा लिए।
इज्जतनगर क्षेत्र की ग्रेटर ग्लोब्स कॉलोनी निवासी नीरज वर्मा ने इंस्पेक्टर नीरज सिंह को बताया कि डिजिटल गोल्ड मिरिकल नाम की बेवसाइट पर उन्होंने पत्नी का खाता खोला था। यह खाता दुबई निवासी महिला तनु चटर्जी ने खुलवाया और ट्रेडिंग में 11.50 लाख रुपये लगवा डाले। फिर मोटा मुनाफा दिखाकर टैक्स का बहाना बनाया। धीरे-धीरे 29.53 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद चार लाख रुपये और मांगगे। नीरज के मुताबिक ठगों ने उनके 41,03,380 रुपये ठग लिए। साइबर ठगों ने टेलीग्राम पर संपर्क कर रकम वापस दिलाने का झांसा देकर 1,63,593 रुपये की दोबारा ठगी कर ली। ब्यूरो
रेटिंग देकर पैसे कमाने का झांसा देकर लाखों ट्रांसफर कराए
मढ़ीनाथ निवासी शिवम यादव ने साइबर थाना प्रभारी को बताया कि उनके पास रेटिंग देकर रुपये कमाने का मेसेज आया था। मेसेज देखकर शिवम रेटिंग देने लगे। कुछ समय बाद शिवम को टेलीग्राम पर लिंक भेजकर रेटिंग देने के लिए कहा गया। रेटिंग से मुनाफा होने का झांसा देकर साइबर ठगों ने शिवम से 6,10,100 रुपये ट्रांसफर करा लिए। रुपये वापस मांगने पर कोई जवाब नहीं दिया।