भोजीपुरा। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर दंपती समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक किलो 950 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर थाना भोजीपुरा पुलिस ने अंडरपास के निकट सैदपुर चुन्नीलाल निवासी इस्लाम को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक किलो 80 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बिल्वा बाजार से बिशारतगंज के जलालगंज निवासी फराइम और उसकी पत्नी रेशम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 870 ग्राम गांजा और एक इलेक्ट्रॉनिक काटा बरामद किया।
हाईवे पर गुजरने वाले ट्रक चालकों को बेचते थे गांजा
पुलिस को पूछताछ के दौरान फराइम ने बताया कि वह अपने रिश्तेदारों शबीना, अनीश और घोसन निवासी सैदपुर चुन्नीलाल, थाना भोजीपुरा से गांजा खरीदता है। इसके बाद वह अपनी पत्नी रेशमा और चचेरे ससुर इस्लाम के संग मिलकर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से गांजे की पुड़िया बनाकर हाईवे पर गुजरने वाले ट्रक चालकों को बेच देता था। वह प्रति किलो गांजा 10 से 12 हजार रुपये में खरीदता और दोगुने में बेच देता था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद