नवाबगंज: कार की टक्कर से वृद्धा की मौत
नवाबगंज के मुख्य मार्ग पर तहसील गेट के पास तेज रफ्तार कार ने वृद्धा सईदन (उम्र 70 वर्ष) को रौंद दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसा सोमवार शाम करीब सात बजे हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेजा। हादसे से सईदन के परिवार में कोहराम मच गया। उधर, क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव पहना में काजल नाम की युवती अपनी मां के साथ बाजार से घर लौट रही थी। बाइक की टक्कर से उसकी मौत हो गई।
डिवाइडर से टकराई कार, युवक की मौत, चार घायल
फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में सोमवार रात हाईवे पर टोल से पहले अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए। पुलिस ने लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से बरेली के निजी अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान युवक अरुण की मौत हो गई। जबकि कुनाल, अजय, विजय, रवि की हालत गंभीर है। ये सभी युवक फतेहगंज पश्चिमी कस्बा के रहने वाले हैं।