फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: ट्रक की टक्कर से तीन कांवड़िये घायल, हाईवे पर लगाया जाम

Sat, 22 Aug 2026 01:25 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहगंज पूर्वी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाकरगंज गांव के पास शुक्रवार सुबह ओवरटेक के दौरान एक ट्रक की टक्कर से तीन कांवड़िये घायल हो गए। इसके बाद साथियों ने डीसीएम से पीछा कर दो किमी दूर जाकर ट्रकों को रोक लिया। उनके चालक भाग गए तो कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन देकर तीन घंटे बाद यातायात बहाल कराया। दो ट्रक चालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन

कांवड़ियों के मुताबिक, मदनापुर क्षेत्र के गांव राहदेवा से 36 शिवभक्तों का जत्था मंगलवार को हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल ही गोला गोकर्णनाथ जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाकरगंज गांव के सामने शुक्रवार सुबह पांच बजे ट्रक की टक्कर से कांवड़िया दिनेश, रविंद्र और अनुज घायल हो गए। दिनेश के सिर में चोटें आई हैं। तीनों की कांवड़ खंडित हो गईं।
आरोप है कि बरेली की ओर से मीरानपुर कटरा जा रहे रेत-बजरी से लदे तीन ट्रकों के चालक एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे, तभी दुर्घटना हुई। कांवड़ियों ने आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के चालक ने जानबूझकर कांवड़ खंडित की है। हालांकि, पकड़ा गया चालक दूसरे समुदाय का नहीं निकला। पुलिस अब दूसरे ट्रक के चालक की तलाश कर रही है।
विज्ञापन

तीन घंटे बाद बहाल हुआ यातायात
दुर्घटना के बाद डीसीएम सवार कांवड़ियों ने पीछा कर टिसुआ के पास तीनों ट्रकों को रोक लिया। उनके चालक मौके से भाग गए। इससे गुस्साए शिवभक्तों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ फरीदपुर संदीप सिंह और तहसीलदार प्रशांत अवस्थी ने कांवड़ियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर तीन घंटे बाद हाईवे पर यातायात बहाल हुआ। घायलों का प्राथमिक उपचार कराकर एंबुलेंस से शाहजहांपुर के निजी अस्पताल भिजवाया। साथी दो कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ की ओर चले गए।

थाने में चालक की पिटाई, पुलिस को सौंपा
घायल कांवड़िया दिनेश के पिता धनवीर ने लापरवाही से ड्राइविंग कर टक्कर मारने के आरोप में ट्रक संख्या यूपी 22 एटी 9926 और यूपी 25 ईटी 7930 के चालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इस बीच थाने आए व्यक्ति ने एक कांवड़िये के फोन से कॉल की। बातचीत से पता लगा कि वह ट्रक चालक है तो कांवड़ियों ने उसको पीटकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वह बरेली के दियोरिया के गांव आसपुर खेड़ा निवासी सत्यवीर है। उसने पुलिस को बताया कि वह तीन घंटे से थाने के बाहर घूम रहा था।
वर्जन
हादसे में तीन कांवड़िये घायल हुए हैं। गुस्साए शिवभक्तों ने हाईवे पर जाम लगा दिया था। उनको आश्वासन देकर जाम खुलवाया गया। रिपोर्ट में नामजद एक चालक को हिरासत में लिया गया है, दूसरे की तलाश की जा रही है। - संदीप सिंह, सीओ फरीदपुर
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें