हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से भागा
हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक टैंकर छोड़कर भाग निकला। आसपास के लोगों ने कार से घायलों को बाहर निकाला। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी भिजवाया। डॉक्टर ने रीना देवी, कल्पना और शेसवी को मृत घोषित कर दिया। निर्देश को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बाद में निर्देश ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना रोबिल के घर और ससुराल पहुंची तो परिजन और रिश्तेदार रोते-बिलखते खुटार सीएचसी पहुंचे। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर टैंकर के अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
टैंकर चालक ने सामने से कार आने के बाद भी नहीं कम की रफ्तार
बृहस्पतिवार दोपहर भीषण गर्मी के कारण आसपास खेतों में काम कर रहे किसान पेड़ों की छांव में बैठे थे। हादसा किसानों के सामने हुआ है। किसानों ने बताया कि हादसे में गलती टैंकर चालक की है। सामने से आ रही कार देखने के बाद भी चालक ने रफ्तार कम नहीं की और ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने लगा, जिससे हादसा हो गया। रफ्तार और जल्दबाजी ने पांच घरों की खुशियां लील लीं।
लोगों ने बताया कि पुवायां की ओर से ट्रैक्टर ट्रॉली खुटार जा रही थी। ट्रॉली के पीछे टैंकर था। सामने से कार आ रही थी। अचानक टैंकर चालक ने ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया तो लोगों को लगा कि कार और टैंकर का रुकना मुश्किल है। कुछ ही सेकेंड में यही हुआ। टैंकर का दाहिना हिस्सा कार से टकरा गया और कार अनियंत्रित होकर पलट गई। उधर ट्रैक्टर चालक ने टैंकर को अपनी साइड में तेजी से मुड़ता देख ट्रैक्टर को रोड से नीचे उतार लिया, नहीं तो टैंकर ट्रैक्टर से भी टकरा जाता।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
25 अप्रैल को शादी और उसके बाद से अनिल की पत्नी कल्पना के मायके और ससुराल में खुशी का माहौल था। बुधवार रात भी दोनों घरों में ढोलक पर मंगलगीत गाए गए थे। बृहस्पतिवार सुबह बेटी की विदा के चलते पिता रामनरेश ने दामाद और उनके साथ आए मेहमानों की खूब खातिरदारी की थी और हंसी-खुशी कल्पना को विदा किया था। कल्पना का कोई भाई नहीं है। विदा करने के कुछ देर बाद ही हादसे की खबर मिलते ही खुशी का माहौल गम में बदल गया। उधर अनिल के घर की महिलाएं बहू के आने का इंतजार कर ढोलक बजाकर खुशियां मना रही थीं। हादसे की खबर लगने ही ढोलक की थाप की जगह करुण क्रंदन सुनकर आसपास के लोग अनिल के घर पहुंच और परिजनों को सांत्वना दी।
राज्यसभा सांसद पहुंचे सीएचसी, परिजनों को दी सांत्वना
खुटार में सड़क हादसे में चार लोगों की मौत की जानकारी पाकर राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार खुटार सीएचसी पहुंचे और दुखी परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने सीएचसी पर काफी देर तक रुक कर घायलों का ठीक से इलाज करने को निर्देश दिया और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
पांच वर्षीय बच्चे के सिर से उठा मां का साया
कार में सवार सार्थक जहां घायल हुआ है वहीं कार सवार मां रीना वर्मा की मौत से उसके सिर से मां का साया उठ गया है। घायल अनिमेष लगातार अपने मम्मी, पापा को ही रो-रोकर बुलाता रहा। यह देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखों में आंसू भर आए।
कार की टक्कर से दंपती और दो बच्चों की मौत
इस हादसे से पहले बृहस्पतिवार सुबह शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर पुवायां थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती और दो बच्चों की मौत हो गई। उनकी पहचान निगोही के मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी अरुण कुमार उर्फ कन्हैया (40 वर्ष), अरुण की पत्नी सीमा देवी (35 वर्ष), बेटी दीक्षा (आठ वर्ष) और बेटे नैतिक (छह वर्ष) के रूप में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया।
संबंधित खबर-
शाहजहांपुर में भीषण हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक को रौंदा, पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत