विद्युत निगम की तरफ से बरेली जिले के 82 हजार स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए राहत दी गई है। निगेटिव बैलेंस होने पर अगर बिजली कटती है और उपभोक्ता 50 फीसदी बकाया जमा करता है तो उसको बाकी का बैलेंस जमा करने के लिए तीन दिनों की छूट दी जाएगी। यह निर्णय गरीबों, असमर्थ को देखते हुए लिया गया है।
शहरी क्षेत्र में 62 हजार 924 तो ग्रामीण क्षेत्र में करीब 20 हजार स्मार्ट मीटर लगे हैं। इसमें 51 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं के मीटर का बैलेंस निगेटिव था, जिन पर 15 करोड़ से अधिक का बकाया था। बीते शुक्रवार को इनकी लाइट काट दी गई। जिसके बाद बारी-बारी से लोगों ने अपना रिचार्ज कराया जिसके बाद उनकी लाइट चालू हुई।
केवल एक बार मिलेगी यह सुविधा
उपभोक्ता की परेशानी को देखते हुए यूपीपीसीएल ने निर्णय लिया है कि बिजली कटने के बाद यदि उपभोक्ता इतना रिचार्ज करता है कि उसका नेगटिव प्रीपेड बैलेंस कम से कम 50 फीसदी रह जाए, तो कनेक्शन तीन दिनों के लिए पुनः जोड़ दिया जाएगा। हालांकि, इस अवधि में पूर्ण रिचार्ज न करने या बैलेंस सकारात्मक न होने पर कनेक्शन पुनः स्वतः कट जाएगा। यह सुविधा प्रत्येक उपभोक्ता को केवल एक बार ही दी जाएगी।
विद्युत निगम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं की लाइट निगेटिव बैलेंस होने पर कट जाती है तो 50 फीसदी बिल जमा करने पर तीन दिनों का समय दिया जाएगा। यह केवल एक बार दिया जाएगा, जिससे जो लोग जागरूक नहीं हैं और असमर्थ हैं उनको राहत मिल सके। उपभोक्ताओं से आग्रह है कि वे प्री-पेड बैलेंस सदैव सकारात्मक रखें, ताकि विद्युत आपूर्ति बनी रहेगी।