बरेली। रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन युवकों को प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों ने रेलवे में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 1.70 लाख रुपये की ठगी की थी। कानपुर बुलाकर फर्जी नियुक्ति पत्र और आई कार्ड थमा दिया था।
भूड़ निवासी तरुण जौहरी ने 26 जुलाई को प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि कोतवाली सिविल लाइंस निवासी अनूप कुमार सक्सेना, प्रेमनगर जाटवपुरा निवासी विनीत, कृष्णा विहार निवासी रोहित और सुमित ने रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 1.70 लाख रुपये की ठगी कर ली है। इन लोगों ने कानपुर बुलाकर फर्जी आई कार्ड और नियुक्ति पत्र भी दिया। प्रेमनगर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अनूप, विनीत और रोहित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रकाश में आए विनीत पांडेय और नामजद सुमित की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।