खुद ही वीडियो वायरल किया, छात्रा के पिता ने कराई रिपोर्ट
दुबई से लौटे युवक की पिटाई का वीडियो वायरल कर ऋषभ ठाकुर अपने ही बुने जाल में फंस गया। शोएब ऋषभ को नहीं जानता था तो उसकी शिकायत पर कैंट पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी थी। इस बीच ऋषभ ने पिटाई के दौरान बनाए गए वीडियो को रविवार सुबह अपनी आईडी से खुद ही वायरल कर दिया। इसके आधार पर पुलिस को पता लग गया कि घटना ऋषभ ने ही की है। बताया जा रहा है कि हिंदूवादी नेता के रूप में पहचान बनाने के लिए ऋषभ ने खुद ही पिटाई वीडियो वायरल किया था।
इधर, छात्रा के पिता ने ऋषभ व उसके साथियों पर रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोप लगाया कि उनकी बेटी परिचित युवक के साथ घूम रही थी। इस बारे में बेटी उनसे पूछकर ही गई थी। ऋषभ व उसके साथियों ने उनकी बेटी से भी अभद्रता की। पुलिस ने शोएब के बयान भी इस रिपोर्ट के साथ जोड़े हैं। आर्थिक लेन-देन की पुष्टि के लिए ऋषभ व उसके दोस्तों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
जिला बदर होने के बावजूद ऋषभ शहर में घूमकर माहौल बनाता था। पिछले दिनों स्पा सेंटर से वसूली मामले में बारादरी पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भिजवाया था। जमानत के बाद सुभाषनगर पुलिस ने उसे दोबारा जिला बदर कर दिया। प्रेमनगर में भी उस पर मामला दर्ज है
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि वायरल वीडियो से ऋषभठाकुर व उसके साथियों की पहचान हुई। इन्होंने न केवल युवक की पिटाई की, बल्कि छात्रा से भी अभद्रता को। फिर युवक को वसूली करके छोड़ा। सारे प्रमाण मिलने के बाद ऋषभ, कन्हैया और आकाश को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।