बरेली। झारखंड से सस्ती अफीम लाकर पंजाब में फुटकर में बेचकर मुनाफा कमाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 1.519 किलो अफीम और कार बरामद की गई है।
सीओ हेमंत उपाध्याय के मुताबिक, बुधवार रात गश्त के दौरान पुलिस टीम आंवला-भमोरा रोड स्थित रमनगला गांव पहुंची। मुखबिर ने सूचना दी कि मोतीपुरा गांव से पहले निर्माणाधीन दुकानों के पास एक स्कॉर्पियो कार के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं, जिनके पास अफीम है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलीगंज निवासी सुनील (28), अलीगंज के हैदरगंज निवासी अशरफ शाह (40) और अनीश (30) को गिरफ्तार कर लिया। आंवला थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया।
पंजाब में बेचने जा रहे थे अफीम
सीओ के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे आपस में दोस्त हैं। चोरी-छिपे झारखंड से सस्ते में अफीम लाकर पंजाब में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। मुनाफा बराबर-बराबर बांट लेते हैं। उस रात भी वे अफीम बेचने के लिए पंजाब जा रहे थे। वाहन अशरफ शाह का है। पुलिस से बचने के लिए कार के पीछे नंबर प्लेट भी नहीं लगाई गई थी।