बरेली। रामगंगा चौकी क्षेत्र निवासी युवती के दरवाजे पर धमकी भरे पर्चे मिलने के बाद थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने मुआयना किया। टाइप किए हुए कई पर्चे पुलिस को मिले, जिन्हें प्रायोजित मानकर जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर बिथरी अभिषेक सिंह ने बताया कि जुलाई 2024 में युवती ने यौन शोषण व जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने की रिपोर्ट दूसरे समुदाय के युवक पर कराई थी। युवक उसी की बस्ती में रहता था और उसके माता पिता अलग-अलग समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। रिपोर्ट में अनुसूचित वर्ग के उत्पीड़न का मामला होने की वजह से विवेचना सीओ हाईवे नितिन कुमार ने की थी। सितंबर में सीओ हाईवे ने मामले में चार्जशीट लगा दी। आरोपी उसी वक्त से जेल में है। जिला कोर्ट से उसकी जमानत खारिज हो चुकी है। इंस्पेक्टर ने युवती से बात करने का प्रयास किया तो उसने मना कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर व जांच के मुताबिक रिपोर्ट लिख ली जाएगी। ब्यूरो