Threatening letter reached the spokesperson's house, demanded extortion of two lakhs
बरेली। बिशप मंडल इंटर कॉलेज के प्रवक्ता मुनेश अग्निहोत्री को पत्र भेजकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रुपये न देने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने थाना सुभाषनगर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मुनेश अग्निहोत्री ने पुलिस को बताया कि वह बिशप मंडल इंटर कॉलेज में प्रवक्ता हैं और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री हैं। चार फरवरी की सुबह वह जब समाचार पत्र उठाने अपने दरवाजे पर गए तो समाचारपत्र के साथ ही एक पीले रंग का लिफाफा भी मिला। लिफाफे में एक पत्र रखा हुआ था, उसमें लिखा था कि दो लाख रुपये एक थैले में रखकर दो तारीख की रात 12 बजे चौरासी घंटा मंदिर के बाहर बेंच पर रख देना।
अगर रुपये नहीं रखे तो सबकी मौत पक्की है। साथ ही पुलिस को सूचना देने पर घर में घुसकर गोली मारने की धमकी दी गई थी। पत्र पढ़कर वह और उनका परिवार दहशत में आ गया। चार फरवरी को इस संबंध में मुनेश ने थाना सुभाषनगर में तहरीर दी तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सतेंद्र भड़ाना ने बताया कि मुनेश का कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। उन्होंने उन लोगों पर भी शक जताया है।