आंवला। तेल डिपो की पार्किंग में घुसकर पेट्रोल पंप संचालक के बेटे ने अभद्रता की। आरोप है कि बदायूं जैसा कांड करने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि उसके पास असलहे भी थे। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले आई। पुलिस ने आरोपी के पास से असलहा मिलने की बात से इन्कार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में डिपो प्रबंधन की ओर से एक तहरीर भी पुलिस को दी गई है।
रेलवे स्टेशन रोड स्थित भारत पेट्रोलियम तेल डिपो की पार्किंग में दोपहर को एक युवक सिक्योरिटी को चकमा देकर अपने साथियों के साथ अंदर घुस गया। आरोप है कि डिपो अधिकारियों पर अभद्र टिप्पणी करते हुए हंगामा करने लगा। पार्किंग में मौजूद टैंकर चालक व परिचालक भी इकट्ठा हो गए।
हंगामे की सूचना पर डिपो के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में मौके पर थाना पुलिस पहुंच गई। टीम आरोपी को अपने साथ थाने ले गई। मौका पाकर उसके साथी फरार हो गए।
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी के पिता का संभल जिले में पेट्रोल पंप है। वह बुधवार को भी डिपो आया था। तेल की आपूर्ति न मिलने की बात कह रहा था। उसकी एक वरिष्ठ अधिकारी से तीखी नोकझोंक भी हुई। आरोपी जाते हुए अधिकारी को देख लेने की धमकी देकर गया था।
बृहस्पतिवार को डिपो आने पर उसे पता चला कि उक्त अधिकारी छुट्टी पर है। इसके बाद वह हंगामा करने लगा। इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी हिरासत में है। जो तहरीर मिली है, उसमें आरोपी का नाम तक नहीं लिखा है।
आरोपी के पास कोई असलहा नहीं मिला। डिपो प्रबंधक ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक करके अग्रिम कार्रवाई की बात कही है। इस मामले में डिपो प्रबंधक से बात करने की कोशिश की गई पर कॉल रिसीव नहीं हुई।