फतेहगंज पश्चिमी। पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रबड़ फैक्टरी के खंडहरों में सोमवार रात छापा मारकर दिलशाद, नवासे, कौसर, गुलाम रसूल उर्फ छोटे और नूर मोहम्मद उर्फ नन्हे को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से ट्रांसफार्मर का तेल और तांबा बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह बिजली निगम को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा रहा था। पुलिस गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के तलाश में थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रबड़ फैक्टरी के खंडहरों में छापा मारा। वहां से दिलशाद, नवासे, कौसर, गुलाम रसूल उर्फ छोटे और नूर मोहम्मद उर्फ नन्हे से पूछताछ कर गिरफ्तार किया गया। उनके पास से ट्रांसफार्मर का तेल, तांबा, एक इन्वर्टर, बैटरी और जनरेटर का अल्टीनेटर जब्त किया गया। एक मोबाइल फोन, तीन हजार चालीस रुपये की नकदी, दो तमंचे, चार कारतूस और चोरी में इस्तेमाल सीएनजी ऑटो भी बरामद किया गया है।
गिरोह के सदस्यों ने बताया कि पूछताछ में पुलिस को बताया कि उन्होंने फतेहगंज पश्चिमी समेत देवरनियां, भमोरा, नवाबगंज, हाफिजगंज, फरीदपुर और बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्रों में भी चोरियां कीं। गिरोह ने गैस सिलिंडर, बिजली के तार, केबल और नवाबगंज की एक फैक्टरी से चौकीदार का मोबाइल भी चुराया था।
सीओ हाईवे देवेश सिंह के मुताबिक, चोरी का सामान इकबाल, वाहिद, रिहान, अबरार हुसैन और रिजवान समेत 10 कबाड़ियों को बेचा जाता था। बरामदगी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेजा गया है।