बरेली के सीबीगंज में सराफ की दुकान में चोरों ने नकब लगाकर करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व गल्ले में रखे बीस हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने दुकान मालिक की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
किला क्षेत्र के गढ़ैया निवासी रूपकिशोर रस्तोगी की सराफा दुकान सीबीगंज के गांव दौली रघुबर दयाल में मठिया के पास है। उन्होंने थाना प्रभारी विनोद कुमार को बताया कि वह रोज की तरह बृहस्पतिवार की शाम अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी होने के कारण उसकी दुकान बंद रहती है। शनिवार सुबह उनके पड़ोसी दुकान वाले ने फोन पर सूचना दी कि दुकान की दीवार की ईंटें निकली हुई हैं। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे तब देखा कि दीवार की एक साइड से लिंटर के पास नकब लगा हुआ है।
दुकान का ताला खोला तो तिजोरी का लॉक टूटा हुआ था। तिजोरी में रखे दो किलो चांदी के आभूषण, दस ग्राम सोने की लौंग व कान की बाली आदि आभूषण गायब थे। गल्ले में रखे करीब बीस हजार रुपये भी नहीं थे। डायल 112 को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित सराफ ने रविवार को घटना की तहरीर थाने में दी। थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि सराफ की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। चोरों की तलाश की जा रही है।