बरेली। सपा कार्यालय के पड़ोस में रहने वाले कंप्यूटर व्यवसायी श्याम कृष्ण गुप्ता की पिटाई के मामले में रविवार को पीड़ित को न्याय दिलाने का दावा कर कोतवाली पहुंचे भाजपा समर्थित व्यापारी अस्पताल और कोतवाली का चक्कर काटते रहे। दूसरी ओर देर रात सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने कोतवाली में आरोपियों से माफी मंगवा दी। इसके बाद दोनों पक्षों का समझौता हो गया। समझौते के बाद पीड़ित व्यापारी ने अपना मोबाइल फोन भी ऑफ कर दिया।
सपा कार्यालय के सामने बृहस्पतिवार शाम हुई मारपीट का वीडियो शनिवार को वायरल हुआ था। इसके बाद से मामले में समझौते के प्रयास किए जा रहे थे। मामला मीडिया में सुर्खियां बनने के बाद रविवार शाम को कई व्यापारी श्याम कृष्ण गुप्ता के साथ कोतवाली पहुंचे। यहां गुप्ता ने तहरीर देकर सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप पर धमकाने और उनके इशारे पर अविनाश मिश्रा व बृजेश श्रीवास्तव पर पीटने का आरोप लगाया।
आरोप लगाया कि पार्टी के जिला उपाध्यक्ष समर्थ मिश्रा भी घटना के दौरान मौजूद रहे। कुछ अन्य लोग हैं जिनका नाम नहीं जानते लेकिन सामने आने पर पहचान लेंगे। कोतवाली पुलिस ने श्याम कृष्ण गुप्ता की तहरीर मिलने पर मेडिकल भी करवा दिया था लेकिन रात में समझौता हो गया। ब्यूरो
-
श्याम कृष्ण बोले- सपा दफ्तर में शामिल करना चाहते हैं मेरा मकान
समझौते से पहले शाम को श्याम कृष्ण गुप्ता ने कोतवाली में तहरीर में आरोप लगाया कि शिवचरण कश्यप व समर्थ मिश्रा जब से पदाधिकारी बने हैं, सपा दफ्तर का माहौल बदल गया है। वह उन्हें व उनके परिवार पर पार्टी कार्यालय से लगे हुए आवास को खाली करने का दबाव बनाते हैं। धमकी देते हैं कि हमें कार्यालय का विस्तार करना है। अपना भवन खाली कर दो या फिर 25 लाख रुपये दे दो। उनसे मामूली बात पर गालीगलौज की जाती थी। वह व्यापारी होने के कारण चुप रहते थे पर जब उनसे सरेआम मारपीट की गई तो वह बहुत घबरा गए। दो दिन तक अपनीबहन व अन्य लोगों के घर छुपकर रहे, अब भी उन्हें खतरा बरकरार है। उन्हें धमकाया जा रहा है कि उनके खिलाफ एससी एक्ट या अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करा दी जाएगी।
-
दूसरे पक्ष की ओर से भी आ गई थी तहरीर
सपा नेताओं की ओर से भी व्यापारी श्याम कृष्ण गुप्ता के खिलाफ तहरीर कोतवाली में दी गई थी। इस बारे में पूछने पर सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने तो शुरू में यह कहा कि कहीं बैठे हैं, थोड़ा रुककर जानकारी देंगे। वहीं, सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि अजय नाम के सपा कार्यकर्ता ने तहरीर दी है। श्याम कृष्ण गुप्ता पर जातिसूचक शब्द कहने के आरोप लगाए हैं। दोनों तहरीर की जांच की जा रही है। हालांकि रात करीब साढ़े 11 बजे दोनों पक्ष का समझौता हो गया।
वर्जन
श्याम कृष्ण गुप्ता हमारे कार्यालय के पड़ोसी हैं। उनसे दो दिन पहले मामूली विवाद हो गया था, इसका तभी निस्तारण हो गया। किसी ने एक वीडियो वायरल कर उन्हें बहका दिया था। उस मामले में समझौता हो गया है। अब किसी को किसी से कोई शिकायत नहीं है।
सपा नेताओं का उनके पड़ोसी से सामान्य विवाद हो गया था। दोनों पक्षों ने पहले तहरीर दी, फिर खुद समझौता कर लिया। इसकी लिखित प्रति पुलिस को सौंप दी है। - अमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी