बरेली। बरातघर और बैंक्वेट हाॅल के संचालक शुक्रवार को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल से मिले। उन्होंने बीडीए की ओर से चार बरातघर सील किए जाने को अनुचित ठहाराया। कहा कि कई सरकारी दफ्तरों, नर्सिंग होम व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी पार्किंग नहीं है, पर सीलिंग की कार्रवाई सिर्फ बरातघर और बैंक्वेट हाॅल पर की गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपेश अग्रवाल ने बताया कि मंडलायुक्त को बताया गया कि बरातघर और बैंक्वेट हॉल तो सिर्फ सहालग में संचालित होते हैं, लेकिन विभिन्न प्रतिष्ठानों में पार्किंग न होने से शहरवासी पूरे साल जाम झेलते हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में लगता कि सिर्फ बरातघरों को किसी वजह से निशाना बनाया जा रहा है। अब इस मामले में सभी बरातघर संचालक जनप्रतिनिधियों से मिलेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में सचिव सचिन गुप्ता, कोषाध्यक्ष लईक खां, राजेश मिश्रा, आरिफ खान आदि भी मौजूद रहे। दूसरी ओर मंडलायुक्त ने बरातघर संचालकों से स्पष्ट कहा कि पार्किंग की व्यवस्था उनकी जिम्मेदारी है। पहले नोटिस दिए गए, जब पार्किग नहीं हुई तभी कार्रवाई की गई है।
बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने कहा कि बरातघर संचालकों को पहले चेताया था। इसके बाद ही नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई है। अब भी कहा गया है कि पार्किंग का इंतजाम करें। अगर नहीं कर रहे हैं तो कैसे माना जाए कि वे जाम नहीं लगने देंगे। ब्यूरो