विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर भाजपा में असंतोष थम नहीं रहा है। भाजपा के बागियों ने फतेहगंज पश्चिमी और भोजीपुरा में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री संतोष गंगवार फूंका। नवाबगंज में एमपी आर्या ने अपने समर्थकों के साथ दिन भर बैठक कर रणनीति तय की। मीरगंज में टिकट न मिलने से नाराज दावेदार आज एकजुट होकर अगले कदम की घोषणा करेंगे।
भोजीपुरा में पूर्व मंत्री बहोरन लाल मौर्य को टिकट देने के विरोध मे भाजपा कार्यकर्ताओं ने नैनीताल हाइवे पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार का पुतला फूंककर उनके खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बहोरनलाल मौर्य लगातार तीन बार विधानसभा का चुनाव हार चुके हैं। पार्टी को यहां से किसी नए चेहरे को मौका देना चाहिए था। देवीदास गंगवार ने कहा कि बहोरनलाल लाल अक्खड़ स्वभाव के हैं। भाजपा कार्यकर्ता उनको चुनाव नहीं लड़ाएंगे। बड़ी संख्या में भाजपाइयों ने केंद्रीय वित्तराज्य मंत्री संतोष गंगवार के पुतले पर डंडे से प्रहार कर अपना गुस्सा उतारा। फिर मुर्दाबाद के नारे लगाकर पुतले को आग के हवाले कर दिया। पुतला दहन में सोहन गंगवार, शंकर लाल गंगवार, मनोहर गंगवार, अजीत गंगवार, मुन्ना लाल गंगवार, अरविंद गंगवार, प्रशांत गंगवार, सुरेंद्र गंगवार, चिंटू गंगवार, कमल गंगवार, उग्रसेन गंगवार आदि मौजूद थे। उधर, मीरगंज से डीसी वर्मा को भाजपा से प्रत्याशी बनाए जाने के विरोध में फतेहगंज पश्चिमी में मंडल अध्यक्ष कृष्ण पाल मौर्य के आवास पर रजनीश गंगवार, दीनानाथ कश्यप, मुकेश राजपूत, गोपाल पटेल, ओम प्रकाश, केपी सिंह, महेश गंगवार, लाला राम आदि ने केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री का पुतला फूंककर नारेबाजी की।
डॉ. एमपी आर्य ने कहा, निर्दलीय लड़ेंगे, बेटी ने संभाला मोर्चा
नवाबगंज। भाजपा का टिकट न मिलने से बागी हुए डॉ. एमपी आर्या ने पीछे हटने से इनकार कर दिया है। उन्होंने निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने का एलान किया है। उनकी बेटी पल्लवी आर्य ने अपने अस्पताल में समर्थकों की बैठक में कहा कि वह पैरवी के लिए समर्थकों के साथ दिल्ली जाएंगी और हाईकमान के सामने अपनी बात रखेंगी। उधर, डॉ. आर्य ने कहा कि जनता उन पर चुनाव लड़ने का दबाव बना रही है। भाजपा ने बसपा से आए केसर सिंह गंगवार को टिकट देकर एक बार फिर दलबदल करने वालों को बढ़ावा दिया है। उनके पास दूसरी पार्टियों के ऑफर आ रहे हैं। वह चुनाव हर हाल में लड़ेंगे। अपने अगले कदम की घोषणा दो दिन में करेंगे।