बरेली। बारादरी थाने के जगतपुर पीली मिट्टी इलाके में रविवार रात शीशगढ़ के दो भाइयों को कुछ युवकों ने पीट दिया। इसके बाद खुराफातियों ने माहौल भड़काने की कोशिश की। कुछ छुटभैय्ये नेता रात भर जगह-जगह कॉल करके भीड़ जुटाने की कोशिश करते रहे पर सफल न हो सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर फुटेज से आरोपियों का पता लगाना शुरू कर दिया है।
शीशगढ़ के गांव लहसोई निवासी 20 वर्षीय अली रजा छात्र हैं। उन्होंने रविवार रात दस बजे बारादरी पुलिस को अपने साथ मारपीट की सूचना दी। उन्होंने बताया कि वह अपने चचेरे भाई अनसव के साथ शहर में एक प्रतियोगी परीक्षा देने आए थे। दोनों लोग अपने मामा अहमद अली के घर पीली मिट्टी इलाके में रुके थे। रात करीब साढ़े नौ बजे वह दोनों भाई खाना खाकर मामा के घर के बाहर सड़क पर टहल रहे थे। आरोप है कि दो-तीन लड़के आए जो नशे की हालत में लग रहे थे। इन लड़कों ने उन दोनों को गाली देनी शुरू कर दीं। उन्होंने विरोध किया तो दोनों की पिटाई करके जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। अली रजा की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
छात्र कर रहे इन्कार, नेताओं ने जुटाया मजमा
- अली रजा व उनके भाई ने बताया कि वह आरोपी करीब 22 साल उम्र के थे जो नशे में लग रहे थे। वह इन आरोपियों को नहीं जानते हैं। लड़कों ने यह भी कहा कि वह कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते, क्योंकि उनके परिवार को पता लगेगा तो वह नाराज होंगे पर पुलिस ने उन्हें तहरीर देकर रिपोर्ट कराने के लिए कहा। इस बीच विपक्षी दलों से जुड़े कुछ नेताओं ने लड़कों की मारपीट को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की और कॉल करके लोगों को मौके पर पहुंचने के लिए बरगलाया। हालांकि पुलिस प्रशासन की सूझबूझ से वह सफल न हो सके।
-
आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस, एक चिह्नित
- रविवार रात घटना का सच जानने को बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने पीड़ितों को साथ लेकर कई सीसीटीवी कैमरे चेक किए। लोगों की सड़क पर सामान्य आवाजाही पुलिस को दिखी। झगड़ा विवाद का कोई फुटेज फिलहाल नहीं मिला है। हालांकि इन्हीं में से नशेड़ी लड़कों को पुलिस छांट रही है। इनमें से एक को चिह्नित करने का दावा भी किया जा रहा है। बारादरी इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। माहौल भड़काने की साजिश करने वालों का पता लगाकर मुकदमे में नाम बढ़ाए जाएंगे।