नवाबगंज। एक युवक को उसके दोस्त रात में घर से उठाकर अपने साथ ले गए। वहां पहले युवक को शराब पिलाई और फिर पीटकर नदी किनारे रेत में दबा दिया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बे के मोहल्ला प्रभात नगर निवासी शब्बीर अहमद अपने परिवार के साथ रहते हैं। आरोप है कि शुक्रवार को उनका बेटा रुखसार घर में सो रहा था। इसी दौरान कस्बे के मोहल्ला काहरान निवासी उसके दोस्त बंटी और सुमित घर में आए और रुखसार को अपने साथ ले गए। आरोप है कि दोनों ने पहले रुखसार को शराब पिलाई और बाद में उसे मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि दोनों रुखसार को मरा समझकर नदी किनारे रेत में दबाकर चले गए। किसी तरह रुखसार अपने घर पहुंचा और घर वालों को घटना के बारे में जानकारी दी। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी है। संवाद