पिछले हफ्ते पूरा हुआ था काम, कोरोना के दौर में नहीं हुई उद्घाटन की रस्म
बरेली। कोरोना के दौर में उद्घाटन की रस्मअदायगी के बगैर ही सेटेलाइट फ्लाईओवर पर सोमवार को ट्रैफिक शुरू हो गया। पुल का निर्माण पिछले हफ्ते ही पूरा हुआ था, मगर ट्रैफिक रोकने के लिए उसके दोनों सिरों पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। सोमवार को अचानक बैरिकेडिंग हटाकर पुल खोल दिया गया।
पिछले छह महीने में शहर में बना यह दूसरा पुल है जिस पर ट्रैफिक दौड़ना शुरू हुआ है। इसके अलावा दो पुल नकटिया नदी और एक रामगंगा पुल पर भी शुरू हुआ है। सेतु निगम के डीपीएम वीके सेन ने बताया कि पिछले सप्ताह सेटेलाइट फ्लाईओवर का काम पूरा हो गया था। अब फ्लाईओवर पूरी तरह तैयार है लोग वहां से निकल सकते हैं।
बता दें कि सेतु निगम ने मार्च 2019 में 26 करोड़ की लागत से सेेटेलाइट फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कराया था। बाद में बिजली की लाइन और पोल शिफ्ट करने को अलग एस्टीमेट भेजा गया। पिछले साल ही चौराहे के दोनों तरफ यह पुल लगभग बन चुका थॉ लेकिन ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन को और ऊंचा किया जाना था जिसकी वजह से पुल पर काम जहां के तहां रुक गया। शासन से बजट मिलने में देरी होने से यह काम और लटका रहा। करीब एक साल बाद बजट मिला तो लाइन हटाई गई।