बरेली। होली के दौरान बरेली होते हुए संचालित की जा रहीं विशेष ट्रेनों के फेरे खत्म हो गए हैं। अब रेलवे ने ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। इनकी समय सारिणी तैयारी की जा रही है। 15 अप्रैल से समय सारिणी जारी करने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
अप्रैल खत्म होने के साथ मई-जून में गर्मी का सीजन शुरू हो जाता है। स्कूलों की छुट्टियों के दौरान काफी संख्या में लोग हिल स्टेशन के अलावा धार्मिक स्थलों और दक्षिण भारत की यात्रा की योजना बनाते हैं। रेलवे 60 दिन पहले तक टिकट बुक कराने की सुविधा देता है। ऐसे में ज्यादातर नियमित ट्रेनों में अभी से सीटें फुल हो गई हैं। गर्मियों का सीजन होने के कारण एसी श्रेणियों में टिकट की ज्यादा मांग है। रेलवे इस बार बरेली होते हुए बरेली होते हुए 28 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे ने उत्तर और दक्षिण भारत के लिए संचालित की जाने वाली कुछ समय विशेष ट्रेनों की समय सारिणी तैयारी भी कर ली है।
ट्रेनें अभी से फुल, एसी श्रेणियों में कन्फर्म टिकट नहीं
बरेली। गर्मी का सीजन मई-जून में होगा, लेकिन ट्रेनों में वेटिंग की बात करें तो 20504-03, 20505-06 राजधानी एक्सप्रेस की एसी प्रथम से लेकर तृतीय श्रेणी तक अभी से फुल है। 14206-05 अयोध्या एक्सप्रेस की भी किसी श्रेणी में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा। जून के दूसरे सप्ताह तक 15654-63 अमरनाथ एक्सप्रेस की स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 100 के पास है। एसी श्रेणियों में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा।
सप्ताह में एक-एक दिन चलने वाली 12354-53 लालकुआं हावड़ा के एसी तृतीय श्रेणी में वेटिंग 100 के पार है। अन्य श्रेणियों में भी कन्फर्म टिकट नहीं है। 14208-07 पद्मावत एक्सप्रेस की एसी प्रथम छोड़कर अन्य श्रेणियों में कन्फर्म टिकट नहीं है। 15002-01 देहरादून राप्ती गंगा एक्सप्रस, 22420-19 सुहेलदेव सुपरफास्ट भी फुल है। 12370-69 कुंभ एक्सप्रेस के एसी तृतीय श्रेणी में वेटिंग 100 तक पहुंच चुकी है। 13010-09 दून एक्सप्रेस भी दो महीने पहले फुल है। संवाद
ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी करने का काम 15 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। पर्याप्त संख्या में गीष्मकालीन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि लोगों को आसानी से कन्फर्म टिकट मिल सके। - आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम