बरेली। 300 बेड अस्पताल में चिकित्सकों के बीमार होने से इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान स्टाफ नर्स ने मरीजों को देखा और दवाएं दीं।
मंगलवार को फिजिशियन डॉ. सतीश चंद्रा की सुबह करीब 11 बजे तबीयत बिगड़ने लगी। फिर दवा लेकर वे आवास पर चले गए। तब तक उन्होंने सात मरीज देखे थे। दोपहर करीब एक बजे फिजिशियन डॉ. विवेक की भी तबीयत खराब हुई। स्टाफ नर्स को ओपीडी में बैठाकर वे आवास पर कुछ देर के लिए आराम करने चले गए। तब तक इन्होंने 54 मरीज देखे थे। नेत्र रोग और दंत रोग ओपीडी में करीब दो सौ से ज्यादा मरीज देखे गए थे। रैबीज क्लीनिक पर करीब तीन सौ लोगों को एआरवी लगी। फिजिशियन न होने से लैब में जांच भी कम हुई।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के औचक निरीक्षण की संभावना से जिला अस्पताल में डॉक्टर और स्टाफ शाम तक डटे रहे। वहीं, परिसर में साफ सफाई का दौर भी जारी रहा। ब्यूरो