फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: ट्रांसफार्मर ने दिया दगा, शाम को बारिश ने उड़ाया दावों का फ्यूज

Wed, 04 Jun 2025 01:06 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। विद्युत निगम के दावों का रोज दम निकल रहा है। ओवरलोड ट्रांसफार्मर दगा दे रहे हैं। आंधी-बारिश में व्यवस्था धराशायी हो जा रही है। शहर के अलग-अलग इलाकों में मंगलवार को भी बिजली कटौती की वजह से उपभोक्ता परेशान हुए। शाम को हुई बारिश ने भी व्यवस्था को घुटनों पर ला दिया। कई फीडर ब्रेकडाउन हुए। साढ़े पांच घंटे बाद आपूर्ति सुचारु की जा सकी।
विज्ञापन

त्रिमूर्ति चौराहे पर लगे ट्रांसफार्मर में सोमवार देर रात आग लग गई। सूचना पर आपूर्ति बंद कर दी गई, लेकिन तब तक लपटों ने विकराल रूप ले लिया था। विद्युत निगम की टीम की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक, फाल्ट होने के कारण ट्रांसफार्मर में आग लगी थी। इस वजह से क्षेत्र की आपूर्ति मंगलवार दोपहर तक बाधित रही।
शाम साढ़े चार बजे जैसे ही तेज बारिश शुरू हुई, शाहदाना, हरूनगला, सुभाषनगर, राजेंद्रनगर, किला, डीडीपुरम, इज्जतनगर सहित कई फीडर ट्रिप हो गए। इन इलाकों में दो से तीन घंटे तक बिजली गुल रही। कोहाड़ापीर ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने से उससे जुड़े 350 उपभोक्ताओं को चार घंटे कटौती झेलनी पड़ी। कांकरटोला में भी फाल्ट होने पर एक घंटे, जगतपुर के एजाज नगर गौटिया में ट्रांसफार्मर में दिक्कत आने पर दो घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। अमर उजाला और सेटेलाइट फीडर पर शाम साढ़े पांच से रात साढ़े नौ बजे तक आपूर्ति बाधित रही।
विज्ञापन


कुतुबखाना उपकेंद्र से जुड़े इलाके बड़ी बमनपुरी, सौदागरान और सीताराम कूंचा के लोगों के मुताबिक समस्या सोमवार से बनी हुई है। मंगलवार को सुबह 6:45 पर बिजली सप्लाई बंद हुई। शिकायत करने पर पता चला कि दो जगह से लीड जल गई है और दो जगह फाल्ट हुए हैं। शिकायत के बाद सुबह करीब 11 बजे ट्रांसफार्मर पर फाल्ट को ठीक करने कर्मचारी पहुंचे, इसके बाद दोपहर एक बजे बिजली आई और फिर दो बजे चली गई। फिर 3:46 बजे बिजली आई और 15 मिनट बाद 4:01 बजे बिजली चली गई। इसके बाद देर रात 9 बजे बिजली सुचारु हो सकी थी। खास बात यह है कि अधिकारियों को इस मामले की जानकारी तक नहीं थी। एक्सईएन वर्टिकल 11 केवी सुरेंद्र गौतम ने बिजली आपूर्ति न होने की वजह पूछी तो विभाग के कर्मचारी भी इसका जवाब नहीं दे सके। इसके अलावा किला के रानी साहब के फाटक में भी सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली कटौती रही। इस दौरान करीब 111 उपभोक्ता परेशान रहे।
दुर्गानगर उपकेंद्र के संजय गंगा, त्रिमूर्ति, डीडीपुरम उपकेंद्र के गुरुद्वारा रोड, संजयनगर, किला उपकेंद्र के चौधरी तालाब फाटक, सुर्खा के होली चौराहा, शाहदाना उपकेंद्र के हजियापुर, नरकुलागंज, कांकरटोला, सिविल लाइंस द्वितीय उपकेंद्र के स्टेट बैंक कॉलानी, 164 सिविल लाइंस, मिशन कंपाउंड उपकेंद्र के कुंवरपुर, लक्ष्मी नारायण बाग, गुप्ता टॉवर, हरूनगला उपकेंद्र के रामगंगा नगर सेक्टर-5, ग्रेटर ग्रीन पार्क, जगतपुर उपकेंद्र के आजाद नगर, महानगर उपकेंद्र के सृजन स्टेट पार्ट-1, सुभाषनगर उपकेंद्र के विवेक विहार में ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या देर रात तक बनी रही।
सुबह से पानी को भी तरस गए हैं, सोमवार को भी सुबह में बिजली नहीं मिली, मंगलवार को शाम तक बिजली नहीं आई थी। शिकायत कोई नहीं सुन रहा। - आयुष गुप्ता
कुतुबखाना उपकेंद्र पर जाओ तो कहते हैं कि कर्मचारी नहीं है, रामपुर बाग जाएं और शिकायत दर्ज कराएं। हम बिजली ठीक नहीं करवा पाएंगे। - गौरव रस्तोगी

बिजली ना होने से कई समस्याएं हो गई हैं। मोबाइल और इन्वर्टर दोनों ही जवाब दे चुके हैं। शिकायत के लिए भी फोन नहीं किया जा सकता है। - हिमांशु गौर

24 घंटे से अधिक समय हो गया है, बिजली एक घंटे आई और चली गई। बड़ी बमनपुरी के साथ इससे जुड़े कई इलाके प्रभावित हैं, लेकिन फाल्ट ठीक नहीं हो रहा। - महेंद्र रस्तोगी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें