बुरी तरह जर्जर हो चुका 45 साल पुराना किला पुल काफी खतरनाक हो चुका है। अमर उजाला की इस खबर की पुष्टि अब दिल्ली से आई विशेषज्ञों की टीम ने भी कर दी है। मंगलवार को इस टीम ने किला पुल का गहनता से निरीक्षण करने के बाद माना कि पुल को फौरन मरम्मत की जरूरत है।
दिल्ली से पहुंची टीम के साथ बरेली के सेतु निगम और पीडब्लूडी के अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने करीब दो घंटे तक पुल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुल के ऊपर की ओर निकल आए सरियों के जाल को देखने के बाद कहा कि इस जाल को दोबारा खोलकर मरम्मत करने की जरूरत है।
पुल की रेलिंग के मरम्मत की बात भी टीम ने कही। टीम ने पुल के नीचे उतरकर छज्जों की भी जांच की। रेलवे लाइन की तरफ पुल के छज्जे से सरिया बाहर निकल आई हैं और उसका प्लास्टर छूट कर गिर रहा है।
टीम ने कहा कि इसकी तत्काल मरम्मत की जरूरत है। रिपोर्ट तैयार कर टीम शाम को दिल्ली लौट गई। सेतु निगम के डीपीएम वीके सेन ने बताया कि टीम ने निरीक्षण में तत्काल मरम्मत कराने को कहा है। जल्द ही निर्देशों के अनुसार पीडब्लूडी के साथ मिलकर पुल की मरम्मत कराई जाएगी।