विद्युत निगम के पास तीन माह से नट-बोल्ट तक नहीं, तेल की कमी और ओवरलोडिंग से हांफ रहे ट्रांसफार्मर
बरेली। विद्युत निगम के पास तीन माह से न तो नट-बोल्ट हैं, न ही ट्रांसफार्मरों में डालने के लिए तेल। मरम्मत के नाम पर कागजी घोड़े दौड़ाए जा रहे हैं। कई पॉश इलाकों में लगे ट्रांसफार्मर तेल की कमी और ओवरलोडिंग की वजह से हांफ रहे हैं। यही हाल रहा तो दिवाली पर निगम का निर्बाध आपूर्ति का दावा धराशाई हो सकता है।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने अभियंताओं ने दिवाली से पहले ट्रांसफार्मरों व जर्जर तारों को ठीक कराने का निर्देश दिया है। लोड मैनेजमेंट के साथ ही ट्रांसफार्मरों में तेल आदि भी दुरुस्त रखने की हिदायत दी है। दूसरी ओर स्टोर रूम में ट्रांसफार्मर के तेल का अभाव है। सूत्रों के मुताबिक तीन माह से समस्या बनी हुई है। अधिकारी सिर्फ निर्देश देकर पल्ला झाड़ लेते हैं।
डीडीपुरम में शहीद चौक पर लगा ट्रांसफार्मर इन दिनों ओवरलोड चल रहा है। इसमें तेल की भी कमी है। राजेंद्रनगर, सिविल लाइंस में एक-एक, रामपुर बाग में तीन, हजियापुर में चार, सैलानी बाजार व रजा चौक पर दो, कुतुबशाह की दरगाह, बजरिया इनायतगंज, चक महमूद, दुर्गानगर, संजयनगर, जोगी नवादा, कांकर टोला में लगे ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। अभियंताओं की ओर से समय-समय पर अफसरों को भेजी जाने वाली सूचना में शहर के 20 प्रतिशत ट्रांसफार्मरों में तेल की कमी दर्शाई गई है।
सामान मिले तो बने बातविद्युत निगम के एक अवर अभियंता ने बताया कि निगम के पास सामान ही नहीं हैं। सिर्फ मरम्मत का ढिंढोरा पीटा जा रहा है। अधिकारी सामान दे दें तो उनको निर्देश देने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। अफसर निर्देश देकर कागजी कार्रवाई पूरी कर रहे हैं। अगर विद्युत निगम को अपने ही कार्य के लिए 10 मीटर केबल की जरूरत पड़ जाए तो दुकानदारों से खरीदना पड़ेगा। संवाद
नट-बोल्ट और तेल की कमी नहीं है। अगर किसी कर्मचारी को समस्या आ रही है तो सामान के लिए सीधे मुलाकात कर दिक्कत बताएं। उसका निवारण किया जाएगा। - ज्ञान प्रकाश, मुख्य अभियंता