नवाबगंज। रिछोला किफायतुल्लाह में रविवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की जनसभा हुई। जनसभा की आयोजक एडवोकेट सुनीता गंगवार ने किसानों के बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाया। सांसद ने ओसवाल चीनी मिल से किसानों की मेहनत की कमाई दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। कहा, यह मामला अब मजबूती से उठाएंगे
सांसद संजय सिंह ने घोषणा की कि वह भी ओसवाल चीनी मिल के बकाया भुगतान का मामला मजबूती से उठाएंगे। इस एलान के साथ जनसभा में मौजूद किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटाने और नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया। संजय सिंह ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को जागरूक और शिक्षित बनाना देश के भविष्य के लिए जरूरी बताया।
लोकतांत्रिक मूल्यों पर दिया जोर
सांसद ने जनता से समाज को बांटने वाली राजनीति के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। उन्होंने भगत सिंह, डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और खान अब्दुल गफ्फार खान के विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, देश को संविधान, विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर आगे बढ़ना चाहिए। इस मौके पर जॉन अध्यक्ष मोहम्मद हैदर, मामू शाह, अंसार अहमद, याकूब खान, राम सिंह मौर्य, विनय कुमार, कृष्णा पटेल, विनय पटेल आदि उपस्थित रहे।