बरेली। कृष्णा नगर फेज टू कॉलोनी के उपभोक्ताओं ने तीन दिन से जारी बिजली संकट से परेशान होकर सोमवार सुबह पवन विहार उपकेंद्र का घेराव किया। उपकेंद्र से कर्मचारियों को बाहर निकालकर तालाबंदी कर दी और बाहर दरी बिछाकर धरना देने लगे।
आरोप है कि इस दौरान मौके पर पहुंचे एसडीई ने उनसे गालीगलौज की। इससे गुस्साए उपभोक्ताओं ने एसडीई मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। चीफ इंजीनियर समझाने पहुंचे तो उनका भी घेराव कर लिया। तीन घंटे में नया ट्रांसफार्मर लगाने के आश्वासन पर धरना खत्म किया गया।
कृष्णा नगर फेज टू कॉलोनी में तीन दिन से बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे निवासियों को भीषण गर्मी झेलने और अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। पहले केबल फाल्ट की समस्या थी, इसे ठीक करने के बाद रविवार को ट्रांसफार्मर फुंक गया।
निवासियों का आरोप है कि बिजली निगम के अधिकारी कॉल रिसीव नहीं कर रहे। शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में लोग पवन विहार उपकेंद्र पर इकट्ठा हुए और दरी बिछाकर बैठ गए। यहां आए एसडीई से इनकी तकरार हो गई।
आरोप है कि एसडीई ने धरना दे रहे लोगों से गालीगलौज कर दी। इससे लोग खफा हो गए और एसडीई मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। रुहेलखंड चौकी प्रभारी नितिन राणा ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में चीफ इंजीनियर ज्ञान प्रकाश मौके पर पहुंचे तो लोगों ने उनका घेराव कर लिया। उन्होंने उपभोक्ताओं को तीन घंटे में बिजली बहाल होने का आश्वासन दिया। हालांकि, यहां शाम करीब 7:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
ट्रांसफार्मर की बढ़ाई जाए क्षमता
प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं ने तत्काल ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर कॉलोनी की बिजली आपूर्ति चालू करने की मांग की। निवासियों ने बिजली निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रोज बेहिसाब कटौती के साथ ही लो वोल्टेज व ट्रिपिंग से वह जूझ रहे हैं। लोगों की यह भी मांग थी कि एक उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थायी रूप से उनकी कॉलोनी के लिए लगाया जाए।
बिजली न आई तो आज मुख्यमंत्री से मिलेंगे
कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिक बलराम सिंह, रविंद्र सिंह, ज्ञानेश शाक्य आदि ने बताया कि समस्या का समाधान करने के बजाय एसडीई ने उन लोगों से गालीगलौज की। या तो चीफ इंजीनियर खुद ही एसडीई को उनके क्षेत्र से हटा दें या फिर वह लोग मंगलवार को बरेली आ रहे मुख्यमंत्री से मिलेंगे। मुख्यमंत्री योगी से वह बिजली अफसरों की शिकायत करेंगे।
-
चीफ बोले- गलतफहमी हो गई थी, हर समस्या का होगा समाधान
चीफ इंजीनियर ज्ञान प्रकाश ने बताया कि पवन विहार उपकेंद्र से एसडीई बीमार होने की वजह से अवकाश पर हैं। उनकी जगह दूसरे एसडीई के पास प्रभार है। गलतफहमी में कोई बात हो गई होगी। बताया कि कॉलोनी वालों की समस्या जायज है। उन्होंने नई केबल लगवा दी थी लेकिन ट्रांसफार्मर फुंकने से समस्या हो गई।
मलूकपुर में बहाल हुई बिजली
बरेली। भीषण गर्मी से जूझ रहे किला उपकेंद्र के मलूकपुर क्षेत्र के कई मोहल्लों में सप्ताह भर बाद रविवार की रात दो बजे लाइट आई। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली न आने से मलूकपुर नाला, घेर शेर मट्ठू, रेती, जसौली समेत अन्य मोहल्लों के लोग परेशान थे। हालांकि, आपूर्ति बहाल होने के बाद भी उपभोक्ता ट्रिपिंग से जूझते रहे।