बरेली। परसाखेड़ा से चौपुला, सेटेलाइट तिराहा होते हुए रजऊ परसपुर मार्ग और किला बाइपास पर कागजों पर पैचवर्क दिखा दिया गया। लोक निर्माण विभाग और ठेकेदारों ने इन सड़कों की मरम्मत पूर्ण होने की रिपोर्ट भी तैयार कर दी, लेकिन हकीकत इसके ठीक विपरीत है। दोनों सड़कें अब भी टूटी हुई हैं और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं।
लोक निर्माण विभाग की तरफ से सावन से पहले परसाखेड़ा से चौपुला, सेटेलाइट तिराहा होते हुए रजऊ परसपुर तक 26.26 किमी लंबे मार्ग पर चार किमी पैचवर्क कराया गया। इस पर 10 लाख रुपये खर्च किए गए। सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर के सामने सड़क खस्ताहाल है। चौकी चौराहे से गांधी उद्यान मार्ग पर पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता कार्यालय के सामने ही सड़क धंसी है। श्यामगंज से सेटेलाइट मार्ग पर भी जगह-जगह गड्ढे हैं तो कहीं सड़क धंसी है। किला बाइपास पर एक किमी सड़क की 1.34 लाख रुपये से पैचिंग कराई गई है। विभाग की तरफ से मरम्मत कार्य पूर्ण दिखाया गया है, जबकि हकीकत में यहां पर भी कई गड्ढे हैं।
वर्जन
मामला संज्ञान में है। ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठेकेदारों का भुगतान रोका जाएगा। संबंधित इंजीनियरों से भी जवाब तलब किया जाएगा। - प्रकाश चंद्र, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी