बरेली। उर्स-ए-रजवी में बड़ी संख्या में जायरीन की आमद होने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर दरगाह की ओर से 1500 रजाकारों की टीम गठित की गई है। यह टीम उर्स के दौरान 24 घंटे मुस्तैदी के साथ सभी व्यवस्थाएं संभालेंगी। टीम सय्यद आसिफ मियां के नेतृत्व में काम करेगी।
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि सभी रजाकारों की आठ-आठ घंटे की शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। यह टीमें दरगाह परिसर, उर्स स्थल इस्लामिया काॅलेज, रेलवे जंक्शन, सेटेलाइट बस स्टैंड, पुराना रोडवेज सहित तमाम चौराहों व जायरीन के रास्तों पर मौजूद रहेंगी।
मंच की जिम्मेदारी मुफ्ती आकिल रजवी, मुफ्ती सलीम नूरी बरेलवी, मुफ्ती सैयद कफील हाशमी, मुफ्ती अय्यूब नूरी आदि की रहेगी। संचालन कारी यूसुफ रजा संभली करेंगे। अन्य लोगों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।
चादरपोशी व जुलूस का सिलसिला शुरू
बरेली। आला हजरत का उर्स छह, सात और आठ अगस्त को मनाया जाएगा। इसको लेकर दरगाह पर चादरपोशी व गुलपोशी का सिलसिला शुरू हो चुका है। सज्जादानशीन अहसन मियां की अपील पर अमल करते हुए रहपुरा चौधरी से 108 फूलों की डलियों का जुलूस बिना डीजे के समी रजा, अजमल रजा, हाजी नदीम, जाहिद रजा, इशरत नूरी के नेतृत्व में दरगाह पहुंचा।
स्वास्थ्य शिविर आज
बरेली। उर्स-ए-रजवी के उपलक्ष्य में रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक स्वास्थ्य शिविर सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की सरपरस्ती में हसीन मियां बरातघर, ईदगाह गेट हुसैन बाग में लगेगा। इसमें मुफ्त परामर्श, मुफ्त दवाइयां, खून की जांच, मुफ्त ऑपरेशन के लिए पंजीकरण किए जाएंगे।यह आयोजन मरकज ए अहले सुन्नत वेलफेयर ट्रस्ट के सदर मोहसिन हसन खान की ओर से किया जा रहा है।