बहेड़ी। दुल्हन की मौत के मामले में लापरवाही बरतने वाले झोलाछाप को पुलिस ने जेल भेज दिया है। साथ ही उसके अस्पताल में ताले लगवा दिए गए हैं। चिकित्सा अधिकारी तीसरे दिन जांच के लिए अस्पताल पहुंचे तो उन्हें ताले लटके मिले। वहीं, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद दुल्हन का विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
देवीपुरा गांव की शांति की बुधवार को बरात आनी थी। उसी दिन तबीयत बिगड़ने पर इलाज के लिए बहेड़ी के मोहल्ला शेखूपुर स्थित शाहजी शिफा अस्पताल लेकर परिजन पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप तस्नीम अहमद के गलत इलाज से पुत्री की मौत हो गई। उसके पिता ने झोलाछाप के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। संवाद
तीसरे दिन स्वास्थ्य महकमा नींद से जागा
तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग नींद से जागा। चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित टीम के साथ झोलाछाप के अस्पताल पहुंचे, लेकिन उन्हें वहां ताले लटके मिले। उनका कहना है कि पुलिस ने ताले डलवा दिए हैं। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से झोलाछाप लगातार लोगों की जान से खेल रहे हैं। कस्बे में 50 के करीब झोलाछाप बकायदा नर्सिंग होम खोलकर खिलवाड़ कर रहे हैं। आवश्यक कार्रवाई न होने से ये झोलाछाप खूब फल-फूल रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग को कार्रवाई के लिए उसी दिन कह दिया गया था। अगर अभी तक कार्रवाई नहीं की है तो उनके खिलाफ लिखकर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।
- रत्निका श्रीवास्तव एसडीएम बहेड़ी।
आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग को चाहिए कि अभियान चलाकर झोलाछापों पर कार्रवाई की जाए। पुलिस इसमें सहयोग देने को तैयार है।
- संजय तोमर, इंस्पेक्टर बहेड़ी।