बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म भरने के लिए परेशान हो रहे हैं। वेबसाइट पर फॉर्म उपलब्ध होने के कुछ दिन बाद ही वेबसाइट को अपडेट करने के चलते प्रक्रिया रुकी हुई है। पहले से ही ये सत्र करीब डेढ़ माह पीछे चल रहा है, विषम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम अब तक जारी नहीं हुए हैं। ऐसे में अब परीक्षा फॉर्म भरने में होने वाली देरी विद्यार्थियों को और मानसिक तनाव दे रही है।
25 मार्च से अब तक द्वितीय सेमेस्टर का एक भी फॉर्म नहीं भरा जा सका है। चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने बताया कि विवि की लापरवाही के चलते डाटा अपडेट नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि 2024 में ही वोकेशनल विषय की जगह भारतीय भाषा व रिसर्च का पेपर भी विकल्प रूप में जोड़ा जाना था, इसके विषय कोड अब तक जेनरेट नहीं किए गए हैं।
ये काम नई शिक्षा नीति के तहत 2024 में ही होना था। अब जब फॉर्म उपलब्ध हुए तो विवि को संशोधन की याद आई। परीक्षा फॉर्म भरने से पहले ये काम हो जाता, तो परेशानी न आती।
वर्जन
द्वितीय सेमेस्टर में भारतीय भाषा व एक अन्य विषय को वोकेशनल विषय की जगह जोड़ा जाना है, इसी पर काम चल रहा है। यह काम एक-दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा। रिजल्ट भी जल्द जारी हो जाएगा। - संजीव कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक