बरेली। सपा के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. अनिल शर्मा की प्रेस वार्ता में एक बार फिर पार्टी की गुटबाजी नजर आई। बुधवार को हुई वार्ता में जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव समेत उनके समर्थक नेता गायब थे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बीडीसी और प्रधानी के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव भी पार्टी को जिता दिया है। पिछले कई महीने से बीडीसी, प्रधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष आदि के चुनाव लड़ाकर थक गए हैं। अब वह आठ-10 दिन आराम करेेंगे। हालांकि अनिल शर्मा ने जिलाध्यक्ष के प्रेस वार्ता में मौजूद न रहने का बचाव करते हुए कहा कि अभी वह बाहर हैं। चुनाव में साथ रहेंगे और जिताएंगे।
एमएलसी का प्रत्याशी बनने के बाद बुधवार को मिशन कंपाउंड स्थित दफ्तर में पहली बार आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में डा. अनिल शर्मा ने कहा कि टिकट के लिए उनको किसी से लड़ाई नहीं लड़नी पड़ी। सबकी सहमति से हाईकमान ने उन पर भरोसा जताकर एमएलसी का टिकट दिया है। कैबिनेट मंत्री आजम खां का आशीर्वाद भी उनको खासतौर से मिला है। सपा में उनके सबसे अच्छे रिश्ते हैं। सब मिलकर चुनाव लड़ाएंगे। डा. अनिल शर्मा की प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव समेत उनके समर्थक संजीव यादव, प्रमोद विष्ट, जफरबेग, मलखान सिंह यादव, ब्लाक प्रमुख आदेश यादव गुड्डू, भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम, फरीदपुर विधायक सियाराम सागर, पूर्व विधायक इस्लाम साबिर समेत तमाम नेता मौजूद नहीं थे। वार्ता में पूर्व मंत्री नवाबगंज विधायक भगवतसरन गंगवार, बहेड़ी विधायक अताउर्रहमान, प्रवक्ता हरीशंकर यादव, सूरज यादव, ब्लाक प्रमुख वफाउर्रहमान, सत्येंद्र यादव, चौधरी धर्मपाल सिंह, पार्षद राजेश अग्रवाल, शमीम अहमद, अकील गुड्डू, कदीर अहमद, ध्रुव चतुर्वेदी, शमीम खां सुल्तानी आदि मौजूद थे। इससे पहले बरेली पहुंचने पर लल्लू सिंह समेत तमाम नेताओं और पार्षदों ने डा. अनिल शर्मा का फूल मालाओं से स्वागत किया।
‘हम तो बाहर थे। अनिल शर्मा की प्रेस वार्ता के लिए प्रवक्ता हरीशंकर का फोन आया था। आठ-10 दिन बाहर रहेंगे। चुनाव तो सब हो चुके हैं। एमएलसी तो हम निर्विरोध जीतेंगे।’ वीरपाल सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सपा
अब आराम करेेंगे अध्यक्ष जी
डॉ. अनिल शर्मा को एमएलसी का टिकट मिलने के बाद समाजवादी पार्टी में जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव समेत उनके समर्थक नाराज हैं। खुले तौर पर आवेदन न करने वाले वीरपाल सिंह यादव एमएलसी टिकट के खुद भी प्रबल दावेदार थे। बताया जा रहा है कि नेताजी भी उनको एमएलसी का टिकट देने पर सहमत थे लेकिन कैबिनेट मंत्री आजम खां समेत अन्य नेताओं की पैरवी के चलते अनिल शर्मा टिकट हासिल करने में कामयाब रहे। एमएलसी का टिकट न मिलने दर्द जिलाध्यक्ष की बातचीत में भी झलक रहा है। एक ओर एमएलसी चुनाव के नामांकन चल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सपा जिलाध्यक्ष ऐसे समय में वीरपाल सिंह यादव आठ-10 दिन बाहर रहकर आराम करने की बात कह रहे हैं।