सिरौली। एक मरीज रविवार को दो स्वास्थ्य केंद्रों का चक्कर लगाता रहा, लेकिन उन्हें इलाज नहीं मिला। काफी प्रयासों के बाद उन्हें मझगवां स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज मिला। मामले में पीड़ित ने सीएमओ से शिकायत की है।
रविवार शाम सात बजे मारपीट में लहूलुहान हुए सिरौली के शेर सिंह को पुलिस ने उपचार के लिए रामनगर स्वास्थ्य केंद्र में भेजा, लेकिन यहां कोई स्टाफ नहीं मिला। उन्होंने सीएमओ से शिकायत की। इस पर उन्हें मझगवां अस्पताल जाकर इलाज कराने के लिए कहा गया। शेर सिंह जब वहां पहुंचे तो वह पर मौजूद डॉक्टर ने कहकर मना कर दिया कि मामला रामनगर का है। इसलिए वह इलाज नहीं कर सकते। काफी गिड़गिड़ाने के बाद उन्हें वहां इलाज मिल सका। मामले में सीएमओ विश्राम सिंह ने रामनगर अस्पताल के डॉक्टर का वेतन काटने के निर्देश दिए, जबकि आदेश नहीं मानने पर मझगवां के डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा है। संवाद