बिथरी, कुआटांडा और फरीदपुर में मेगा वैक्सीनेशन को लेकर हुआ ट्रायल
बरेली। कोरोना टीकाकरण बढ़ाने के लिए शुरू हुए क्लस्टर मेगा वैक्सीनेशन अभियान की रफ्तार पहले दिन सुस्त रही। नौ हजार लक्ष्य के सापेक्ष महज 2375 लोग प्रतिरक्षित हुए। अफसरों ने आगे के दिनों में टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने की योजना बनाई है। साथ ही, सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद जताई है।
क्लस्टर मेगा वैक्सीनेशन के तहत सोमवार को बिथरी, कुआटांडा, फरीदपुर में एक जुलाई को शुरू होने वाले अभियान के लिए पायलट प्रोजेक्ट पर ट्रायल शुरू हुआ। इसके तहत राजस्व गांवों में घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करने और टीकाकरण करने के निर्देश हैं। फरीदपुर के 13 गांवों में टीकाकरण के लिए 13 टीमें लगी हैं। पहले दिन नौ सौ लोगों को टीका लगा। वहीं, बिथरी चैनपुर के गांव इटौआ, कलारी, रामनगर, लालपुर, चंदपुर बिजपुरी में अभियान चला। यहां 840 लोग प्रतिरक्षित हुए। कुछ ग्रामीणों ने टीका लगवाने से इनकार कर दिया। वहां मंगलवार को फिर टीमें पहुंचेंगी। भुता में 635 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। उधर, जिले में चल रहे टीकाकरण के लिए सोमवार को 214 सत्र आयोजित हुए। इस में 18 से 44 आयुवर्ग के लक्ष्य के सापेक्ष 79.83 फीसदी और 45 पार के 26.39 फीसदी लोगों को वैक्सीन लगी। देर शाम तक कुल 11849 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है।