बरेली। योगासन के जरिए बीमारियों से मुक्ति पाकर जीवन को सुखमय बनाया जा सकता है। योग और आयुर्वेद ऋषि-मुनियों का दिया वरदान है जिसका लाभ प्रत्येक व्यक्ति ले सकता है। पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण ने यह बात कही। वह रुहेलखंड विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित योग प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के मौके पर आयोजित वेबिनार में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
श्रीमद दयानंद कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की आचार्य एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. सुमेधा ने योग से स्वस्थ रहने और मानसिक रोग से मुक्ति मिलने की बात कही। कोरोना से बचाव के लिए आयुर्वेदिक काढ़ा और दूसरी औषधियों के प्रयोग के बारे में बताया। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सोमपाल सिंह, जिला नोडल अधिकारी शबाना साजिद आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
सार्वभौमिक चिकित्सा पद्वति है योग
बरेली कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र इकाई प्रथम की योग कार्यशाला में दर्शनशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. एसी त्रिपाठी ने व्याख्यान देते हुए कहा कि योग सार्वभौमिक चिकित्सा पद्वति है जिसे विज्ञान ने भी स्वीकार किया है। उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम लखनऊ के निवर्तमान सचिव एमएल वर्मा ने स्वयंसेवकों को योग मुद्राओं की जानकारी दी। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. सोमपाल सिंह ने स्वयंसेवकों को योग अपनाने का सुझाव दिया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजीव यादव, पुनीत, शिवम दिवाकर आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
मानसिक तनाव का इलाज है योग
बरेली। विवेकानंद युवा विकास समिति की ओर से भुता में आयोजित योग शिविर में अध्यक्ष सत्यदेव आर्य ने योग, ध्यान और आसन की क्रिया सिखाई। बताया, प्रतिदिन योग करने से अनिद्रा, माइग्रेन, मानसिक तनाव और कई अन्य बीमारियों से बचा जा सकता है। मोहित शर्मा ने सभी को योग से जुड़ने का संकल्प दिलाया। इस दौरान राजीव गंगवार, ब्रजेश गंगवार, विनोद, प्रमोद, विकास, अनुज आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
विजेताओं को बांटे गए पुरस्कार
बरेली। एसआरएम राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में विश्व योग दिवस पर योगाभ्यास और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम हुआ। प्राचार्य एवं अधीक्षक प्रो. डीके मौर्य ने कहा कि योग और आयुर्वेद चिकित्सा कोरोना संक्रमण से राहत दिलाने में भी प्रभावी है। इस मौके पर सप्ताह भर में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अजय, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. अतुल आदि मौजूद रहे।
योग से शरीर पर होते हैं सकारात्मक प्रभाव
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी महिला महाविद्यालय के कार्यक्रम में योग विशेषज्ञ डॉ. गरिमा सिंह ने योग की जरूरत पर प्रकाश डाला। उन्होंने योग से शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। छात्राओं को आसन और प्राणायाम भी कराए। इस दौरान प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना, फोजिया खान, डॉ. रंजू राठौर, जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनु महाजन आदि मौजूद रहे।
एनसीसी की गर्ल्स कैडेट्स ने किया योग
एनसीसी 8 यूपी गर्ल्स बटालियन ने आर्यवीर योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान के सहयोग से वर्चुअल योग कार्यक्रम आयोजित किया। मेजर श्वेता सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में दो सौ कैडेट्स और उनके परिजनों ने योग को अपनाने की शपथ ली। लेफ्टिनेंट बीनम सक्सेना ने बताया कि कैडेट योग करते हुए एक मिनट का वीडियो बनाकर वेबसाइट पर अपलोड कर सकते हैं। आयुष मंत्रालय ने योग को बढ़ावा देने के लिए यह पहल शुरू की है। वीडियो अपलोड करने की आखिरी तिथि 30 जून है।