शहामतगंज फ्लाईओवर की नई डिजाइन लखनऊ से फाइनल होकर सेतु निगम पहुंच गई। नई डिजाइन में फ्लाईओवर की लंबाई और ऊंचाई में मामूली संशोधन किया गया है। अधिकांश चीजें पुरानी डिजाइन की ही शामिल हैं। नई डिजाइन के आधार पर अब इसी हफ्ते फ्लाईओवर निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। सबसे पहले बिजली और उसके बाद सीवर और पानी की लाइन शिफ्ट की जाएगी। बिजली की लाइन शिफ्ट करने के लिए पॉवर कारपोरेशन ने सेतु निगम से पांच करोड़ रुपये मांगे हैं। सीवर और पानी की लाइन शिफ्ट करने पर 2.84 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सेतु निगम की पुरानी डिजाइन में फ्लाईओवर की लंबाई 998 मीटर थी। नई डिजाइन में इसे बढ़ाया गया है। चौड़ाई और ऊंचाई में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई डिजाइन में शहामतगंज से शहदाना तक फ्लाईओवर की लंबाई 473 मीटर, शहामतगंज चौराहे से विकास भवन रोड की ओर 284 मीटर और शाहदाना चौराहा से बारादरी थाने की ओर से 260 मीटर रखी गई है। नई डिजाइन इस तरह बनाई गई है कि शहामतगंज से शाहदाना तक कोई मकान या दुकान तोड़नी नहीं पड़ेगी। 30 करोड़ के फ्लाईओवर में शासन से अभी 10 करोड़ का बजट मिला है। फ्लाईओवर बनाने के लिए सेतु निगम की नई डिवीजन बनाई गई है। बरेली में एक डिवीजन पहले से काम कर रही है। मतलब, बरेली में सेतु निगम की दो डिवीजन काम करेंगी। सूरज कुमार गर्ग नई डिवीजन के उप परियोजना प्रबंधक बनाए गए हैं। उनके नेतृत्व में नई डिवीजन का दफ्तर भी नया बनेगा। ये डिवीजन शहामतगंज और आईवीआरआई फ्लाईओवर निर्माण का काम देखेगी।
ऐसा होगा शहामतगंज फ्लाईओवर
फ्लाईओवर की लंबाई - 1007.50 मीटर
फ्लाईओवर की चौड़ाई - 7.5 मीटर
शहामतगंज से शाहदाना तक ऊंचाई- आठ मीटर
शहामतगंज से विकास भवन रोड की ओर पुल की लंबाई- 284 मीटर
शाहदाना से बारादरी थाने की ओर पुल की लंबाई - 260 मीटर
फ्लाईओवर के पिलर - 33
फ्लाईओवर निर्माण की लागत- 30.30 करोड़
शहामतगंज फ्लाईओवर की नई डिजाइन फाइनल होकर आ गई है। इस फ्लाईओवर को बनाने के लिए नई डिवीजन बनाई गई है। वह अपना नया दफ्तर और नई टीम बनाएगी। टीम हेड एक या दो दिन में अपना चार्ज संभाल लेंगे। वीके सेन, उप परियोजना प्रबंधक सेतु निगम डिवीजन एक