पुल का निरीक्षण करते इंजीनियर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर ने किया निरीक्षण
बरेली। रामगंगा पर निर्माणाधीन पुल का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। शुक्रवार को चीफ इंजीनियर देवेंद्र मिश्र ने इंजीनियरों की टीम के साथ निरीक्षण कर एप्रोच रोड का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कहा, अक्तूबर के अंत तक पुल चालू कर दिया जाएगा। एप्रोच रोड के निर्माण में बाधक बन रहे बिजली के खंभों को हटवाने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से कमिश्नर और डीएम को पत्र लिखा गया है।
सेतु निगम रामगंगा पर करीब सात सौ मीटर लंबा पुल बना रहा है, लेकिन बजट की कमी से यह काम काफी समय तक ठप रहा। पिछले साल अक्तूबर में करीब 57 करोड़ का रिवाइज एस्टीमेट मंजूर होने के बाद सेतु निगम ने तेजी से काम पूरा करना शुरू किया। मार्च तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन काम अब अक्तूबर के अंत तक पूरा हो सकेगा। नए पुल के लिए बदायूं की ओर करीब दो सौ मीटर और बरेली की ओर चार सौ मीटर एप्रोच रोड तैयार होनी है। एप्रोच रोड के लिए मिट्टी डाली जा चुकी है। चीफ इंजीनियर देवेंद्र मिश्र ने बताया कि पुल का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। पुल का काम शुरू होने के बाद बिजली विभाग ने एप्रोच रोड की जमीन पर बिजली के पोल लगवा दिए थे। उन्हें हटाने के लिए बिजली विभाग को पत्र लिखा जा चुका है लेकिन अभी तक पोल नहीं हटाए गए हैं। इस मामले में डीएम और कमिश्नर को भी पत्र लिखकर अवगत करा दिया गया है। निरीक्षण के दौरान एसी देेवेश तिवारी भी मौजूद रहे।