बरेली। नगर निगम की ऑनलाइन सेवाएं चार दिनों से ठप हैं। करीब 50 लाख रुपये के बकाया भुगतान को लेकर संचालन कर रही निजी एजेंसी ने नगर निगम की वेबसाइट आम लोगों के लिए बंद कर दी है। इससे शहर के 1.75 लाख करदाता ऑनलाइन सेवाओं से वंचित हो गए हैं। सबसे ज्यादा परेशानी संपत्ति कर जमा करने वालों को हो रही है, क्योंकि वेबसाइट बंद होने से ऑनलाइन टैक्स भुगतान भी ठप हो गया है।
नगर निगम की वेबसाइट पर बीते दिनों साइबर हमला हुआ था। तब भी टैक्स बिलिंग, ऑनलाइन भुगतान और ई-टेंडरिंग प्रक्रिया बाधित हो गई थी। अब वेबसाइट बंद होने से नगर निगम को फिर नुकसान उठाना पड़ रहा है। लगातार तकनीकी संकट की वजह से नगर निगम की डिजिटल व्यवस्था और उसकी मॉनिटरिंग पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, नगर निगम ने जिस कंपनी से संचालन के लिए करार किया है, उसे 50 लाख रुपये सालाना देने होते हैं। भुगतान बकाया होने के चलते कंपनी ने अपनी सेवा बंद कर दी है। एजेंसी ने साफ कर दिया है कि बकाया राशि मिलने के बाद ही वेबसाइट दोबारा शुरू की जाएगी। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी का कहना है कि कंपनी के प्रतिनिधियों से बातचीत चल रही है। समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।