श्यामगंज रोड पर लगाया गया नया बैरियर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
पुलिस को भीड़भाड़ रोकने के लिए सख्ती के निर्देश, दूसरे बाजारों में भी किए इंतजाम
बरेली। कोरोना के लिहाज से प्रदेश के सर्वाधिक संवेदनशील जिलों में शुमार हुए बरेली में हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस-प्रशासन सोमवार से नए तेवर में दिख सकता है। यह तो शनिवार को ही साफ हो गया था कि शहर के बाजार में कोई नया रोस्टर लागू करने के बजाय सख्ती से भीड़भाड़ रोकी जाएगी, रविवार को श्यामगंज में बैरियर लगाकर इसकी तैयारी भी कर ली गई। शहर के दूसरे बाजारों के लिए भी ऐसी ही रणनीति तैयार की गई है।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने शनिवार शाम शहर के प्रमुख व्यापारी नेताओं के साथ वेबिनार कर बाजार को दिशा या ऑड-ईवन व्यवस्था के तहत खोलने पर चर्चा की थी। इस दौरान प्रशासन की ओर से एक दुकान बंद कर एक दुकान खोलने या फिर एक दिशा का बाजार बंद रखने के दो प्रस्ताव व्यापारियों के सामने रखे गए लेकिन व्यापारी दोनों पर पूरी तरह सहमत नहीं हुए। इसके उलट उन्होंने सप्ताह में दो दिन का लॉकडाउन खत्म कर शासन से सिर्फ एक दिन की बंदी लागू कराने की मांग शुरू कर दी। आखिरकार प्रशासन ने यह फैसला लेकर बैठक खत्म कर दी कि बाजार में नया रोस्टर लागू करने के बजाय अब सख्ती से भीड़भाड़ रोकी जाएगी।
दो दिन के मिनी लॉकडाउन के बाद सोमवार को शहर का बाजार खुलना है जिसके लिए प्रशासन ने रविवार से ही इंतजाम करने शुरू कर दिए। श्यामगंज में बैरियर लगा दिया गया ताकि वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके। इसके साथ पुलिस को भी भीड़ कम करने के लिए सख्ती के निर्देश दे दिए गए हैं। बाजार में दुकानों के आगे अतिक्रमण, अवैध वाहनों और ठेलों को भी रोकने की तैयारी की गई है। श्यामगंज और कुतुबखाना बाजार में इसी वजह से जाम और भीड़भाड़ रहती है।