बरेली में युवा गायिका शर्ली सेतिया ने राजश्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी की ओर से आयोजित स्टार नाइट में अपनी सुरीली आवाज से चार चांद लगा दिए। एक से बढ़कर एक हिट गाने गाकर युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
शर्ली के साथ सेल्फी लेने को सभी बेताब दिखे। कई फैन मंच के पास जाने का प्रयास करते दिखे। दोस्तों और सहपाठियों के साथ कंसर्ट में पहुंचे लोगों ने जमकर नृत्य किया। संस्थान के 15 वें स्थापना दिवस ‘आह्वान’ पर खचाखच भरे मैदान में शर्ली सेतिया ने मंच से जब कोई बात बिगड़ जाए..., तुम ही हो..., दिल डिस्को डिस्को बोले सारी रात सजना...जैसे गाने गाकर समा बांधा। लाइव कंसर्ट को देखने के लिए दूर-दूर से आए युवा इस लम्हे के साक्षी बने।
मुख्य अतिथि रुविवि के कुलपति प्रो. केपी सिंह ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संस्थानों को इंस्टीट्यूट-इंडस्ट्रीज गैप को कम करते हुए रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में उन्मुख होना चाहिए। संस्थान के चेयरमैन राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि सेमी-कंडक्टर इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए राजश्री संस्थान योजनाबद्ध तरीके से अग्रसर है। संचालन डा. नितिन विष्ट व शिवानी गौर ने किया।
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय फाॅर वेस्टर्न यूनिवर्सिटी महेंद्रनगर नेपाल से रजिस्ट्रार प्रो. यज्ञ राज पाठक, डीन डॉ. किशन दत्ता भट्टा, सुरेश भंडारी, लुम्बिनी टेक्नोलॉजिकल विश्वविद्यालय से रजिस्ट्रार प्रो. रेग बहादुर भंडारी, डीन डॉ. कीर्ति कुसुम जोशी, डा. अनिल कुमार, डॉ. साकेत अग्रवाल, रजिस्ट्रार दुष्यंत माहेश्वरी, डॉ. पंकज कुमार शर्मा, डा. अंकित अग्रवाल, वैशाली भारद्वाज, प्राचार्य डा. मुकेश पाल गंगवार आदि मौजूद रहे।