बरेली। जिले में मतदेय स्थलों के विभाजन की प्रक्रिया के तहत सोमवार को मतदेय स्थलों की सूची फाइनल होगी। 27 अक्तूबर को प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भेजा जाएगा। इस संबंध में शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
कलक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के विभाजन, मतदाता सुविधा और चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के अनुपालन पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में किसी भी परिवार को अलग-अलग नहीं किया गया है। परिवार के सभी सदस्यों को एक ही सेक्शन में रखा है।
एक ही भवन में रह रहे मतदाताओं को भी एक भाग में पंजीकरण किया है, ताकि मतदाता को कोई असुविधा न हो। बताया कि जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की शिकायतों और सुझावों का सहमति से निस्तारण के बाद सोमवार को सूची जारी होगी।
राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों ने मतदेय स्थल विभाजन की प्रक्रिया पर सहमति जताई। कुछेक केंद्रों पर परिवारों के अलग होने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने संबंधित सुझाव को दिखवाकर उसी अनुसार प्रस्ताव तैयार कराकर मुख्य निर्वाचन कार्यालय भेजने का आश्वासन दिया है।