तेंदुआ को तलाश करती वन विभाग की टीम
हाफिजगंज। तीसरे दिन वन क्षेत्राधिकारी नवाबगंज के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने खेतान फैक्टरी परिसर व आसपास के क्षेत्र में कॉम्बिंग कर तेंदुए की खोज की, लेकिन टीम को तेंदुए की लोकेशन नहीं मिली। उसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर उनको दिशा-निर्देश दिए।
थाना हाफिजगंज के गांव फैजुल्लापुर के पास बंद पड़ी खेतान फैक्टरी में बृहस्पतिवार की शाम को खेतान फैक्टरी के चौकीदार अजय कुमार ने तेंदुआ को देखा था, जिसकी उन्होंने वीडियो बनाकर वन विभाग को दे दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने फैक्टरी परिसर में पिंजरा लगा दिया, लेकिन तेंदुआ पिंजरे की तरफ नहीं गया।
वन क्षेत्राधिकारी केके सिंह के नेतृत्व में तीन टीमें बनाई गईं, जिसमें क्रमश: माधव सिंह, आनंद सिंह, अकबर अली के द्वारा तीनों टीमों ने अलग-अलग तरफ से घेराबंदी कर कॉम्बिंग की, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। उसके बाद वन अधिकारियों ने आसपास के गांव के लोगों को बुलाकर पूछताछ की और उन्हें खेतों की तरफ सतर्कता बढ़ाते हुए जाने के निर्देश दिए। वन क्षेत्र अधिकारी केके सिंह ने बताया कि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि कौन सा जानवर है। संवाद